newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मध्यप्रदेश जनसंवाद रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे नितिन गडकरी

नितिन गडकरी ने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना संकट से जूझ रहा है, हम भी इस संकट का सामना कर रहे हैं। इस संकट में निराशा, हताशा और डर से काम नहीं होगा। आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ कोरोना के खिलाफ हमको लड़ाई जीतनी है।

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को जनसंवाद वर्चुअल रैली के जरिए मध्यप्रदेश के लोगों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि 1947 के बाद कांग्रेस सरकार ने जो आर्थिक नीतियां अपनाई थीं, उसके आधार पर देश की प्रगति नहीं हो सकी। कांग्रेस की विचारधारा पूरी तरह से विफल हो गई और आज समाजवादी और साम्यवादी भी कहीं दिखते नहीं हैं।

Union Minister Nitin Gadkari

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद सुशासन कैसे आएगा ये चिंता थी, आधुनिक भारत कैसे बने ये चिंता थी, देश महाशक्ति कैसे बनेगा ये चिंता थी। देश की जनता ने करीब 70 साल तक कांग्रेस पर विश्वास किया। लेकिन देश की स्थिति में कोई फर्क नहीं पड़ा। जो काम कांग्रेस पिछले 55 साल में नहीं कर सकी, वो काम मोदी जी के नेतृत्व में पांच साल में भाजपा ने करके दिखाया, ये ही हमारा सबसे बड़ा काम है।

गडकरी ने कहा कि माओवादी नक्सलवाद और आतंकवाद का खात्मा करने का काम किसी सरकार ने किया तो मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने किया। पहले ये नहीं होता था, पहले आतंकवादियों का तुष्टिकरण होता था।

रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने राम मंदिर का भी जिक्र किया। गडकरी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए हमने संघर्ष किया, लेकिन पहले की सरकारों में इस मामले में कुछ नहीं हुआ। हमारी सरकार आने के बाद सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि के पक्ष में निर्णय हुआ। आज मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि राम मंदिर के निर्माण का कार्य शुरु हुआ है।”

नितिन गडकरी ने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना संकट से जूझ रहा है, हम भी इस संकट का सामना कर रहे हैं। इस संकट में निराशा, हताशा और डर से काम नहीं होगा। आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ कोरोना के खिलाफ हमको लड़ाई जीतनी है।