newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bill Gates On India: ‘मुश्किलों का हल भारत से तलाशना सीखो’, बिल गेट्स ने दी दुनिया को सलाह

बिल गेट्स ने कहा है कि भारत ने जैसी उल्लेखनीय तरक्की की है, उससे बड़ा सबूत और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने लिखा है कि भारत ने मुझे भविष्य के लिए उम्मीदों से भर दिया है। दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। इसका मतलब है कि बिना बड़े पैमाने पर हल किए आप मुश्किलों से छुटकारा नहीं पा सकते।

वॉशिंगटन। माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापकों में शामिल और अब बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के जरिए पूरी दुनिया में मदद का काम करने वाले बिल गेट्स ने भारत के बारे में बड़ा बयान दिया है। बिल गेट्स ने अपने ब्लॉग में कहा है कि दुनिया को भारत से सीखना चाहिए कि जब तमाम संकट आ रहे हैं, तो उनको कैसे हल किया जाता है। उन्होंने ये भी कहा कि भविष्य के लिए भारत उम्मीदों को जगाने वाला देश है। बिल गेट्स ने कहा कि दुनिया तमाम समस्याओं से पार पाने में सक्षम है। इसके लिए सही नवाचार अपनाने होंगे। उन्होंने कहा कि संकट के वक्त ज्यादातर कहा जाता है कि इससे निपटने के लिए वक्त और पैसा नहीं है। जबकि, भारत ने ऐसे सभी प्रतिक्रियावादियों को गलत साबित किया है।

bill gates 3

बिल गेट्स ने कहा है कि भारत ने जैसी उल्लेखनीय तरक्की की है, उससे बड़ा सबूत और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने लिखा है कि भारत ने मुझे भविष्य के लिए उम्मीदों से भर दिया है। दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। इसका मतलब है कि बिना बड़े पैमाने पर हल किए आप मुश्किलों से छुटकारा नहीं पा सकते। बिल गेट्स ने लिखा है कि भारत ने साबित किया है कि वो बड़ी मुश्किलों से निपटने में सक्षम है। बिल गेट्स ने अपनी बात के समर्थन में पोलियो उन्मूलन, एचआईवी फैलने से रोकने, गरीबी मिटाने, बच्चों की मृत्युदर में कमी, साफ-सफाई और लोगों की वित्तीय सेवा तक पहुंच के उदाहरण भी दिए हैं।

bill gates 2

बिल गेट्स ने ये भी कहा है कि भारत ने टीके बनाने और उनकी सप्लाई के लिए विशेषज्ञों और गेट्स फाउंडेशन समेत तमाम फंड देने वालों के साथ काम किया। गेट्स के मुताबिक भारत ने दुनिया में नवाचार के लिए सबसे बेहतर नजरिया पेश किया है। ऐसा करके जरूरी लोगों तक समाधान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बीमार करने वाले रोटावायरस वैक्सीन को भी भारत ने खुद बनाने का फैसला किया, क्योंकि वो काफी महंगी थी।