newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन पर रूस के हमले जारी, अंतरराष्ट्रीय कोर्ट ने अब दिया पुतिन को ये झटका

हमलों के बाद भी रूस की सेना राजधानी कीव और दूसरे बड़े शहर खारकीव समेत यूक्रेन के बड़े इलाके पर कब्जा करने में अब तक नाकाम रही है। वहीं, यूक्रेन के अनुरोध पर हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय पूरे मामले की सुनवाई शुरू करने जा रहा है। ये सुनवाई 7 और 8 मार्च को होगी।

कीव/हेग। यूक्रेन पर रूसी सेना का हमला बदस्तूर जारी है। हालांकि जंग का छठा दिन बीतने के बाद भी रूस की सेना राजधानी कीव और दूसरे बड़े शहर खारकीव समेत यूक्रेन के बड़े इलाके पर कब्जा करने में नाकाम रही। रूसी सेना ने मंगलवार को कीव के टीवी टावर और कई जगह मिसाइलों से हमले किए। टीवी टावर पर मिसाइल हमले से 5 लोगों की मौत होने और कई के घायल होने की खबर है। रूसी सेना का बड़ा काफिला कीव की तरफ बढ़ रहा है। वहीं, यूक्रेन के सैनिकों ने खारकीव पर फिलहाल रूस को कब्जा करने से रोका हुआ है।

icj

रूस को अमेरिका और यूरोप के देश अलग-थलग करने पर जुटे हुए हैं। वहीं, रूस और उसके राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के सामने एक और नई समस्या खड़ी हो गई है। यूक्रेन के अनुरोध पर हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय पूरे मामले की सुनवाई शुरू करने जा रहा है। ये सुनवाई 7 और 8 मार्च को होगी। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। रूस के विदेश मंत्री को अदालत के अध्यक्ष जस्टिस जेई डोनोग्यू ने लिखा है कि मैं रूसी संघ का ध्यान इस तरफ आकर्षित कर रहा हूं कि कोर्ट जो भी अनंतिम उपाय बताए, उसे उचित तरीके से आप लागू करें।

कोर्ट की ओर से कहा गया है कि वो संयुक्त राष्ट्र का प्रमुख न्यायिक अंग है और नरसंहार के अपराध की रोकथाम और सजा पर कानून के तहत रूस पर यूक्रेन की ओर से लगाए गए आरोपों के मामले में हाईब्रिड तरीके से सुनवाई करेगा। यूक्रेन का आरोप है कि रूस की सेना अपने नेतृत्व के इशारे पर कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों में नागरिकों को निशाना बना रही है। वहीं, रूस का कहना है कि यूक्रेन की सेना ने नागरिक ठिकानों में हथियार लगा रखे हैं और आम लोगों को ढाल बना रही है। रूस की ओर से ऐसे में मंगलवार को कीव पर हमले से पहले नागरिकों को शहर छोड़ने के लिए भी कहा गया था।