newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन के बड़े हिस्से पर रूस का कब्जा, जंग में बच्ची समेत अब तक 240 आम लोगों की मौत

यूक्रेन की सेना के मुताबिक रूस के सैनिकों ने कीव के तेल डिपो पर मिसाइल दागी। इससे वहां आग भड़क गई और हर तरफ धुआं छा गया। लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। यूक्रेन की सरकार ने इसके बाद लोगों से अपील की कि वे घरों से न निकलें।

कीव। यूक्रेन पर रूस के हमले का आज चौथा दिन है। गुरुवार से रूस ने यूक्रेन के खिलाफ जंग की शुरुआत की थी। जंग में अब तक यूक्रेन के 240 आम लोगों की मौत हुई है। ये आंकड़ा संयुक्त राष्ट्र ने जारी किया है। यूक्रेन की सरकार से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक रूस के हमले में ओखटिरका में एक बच्ची समेत 6 लोगों की जान चली गई। मारियोपोल शहर में ग्रीस के 10 नागरिक भी मारे गए हैं। इस पर ग्रीस ने रूस से नाराजगी जताई है। वहीं, अमेरिका की एक निजी कंपनी ने सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से बताया है कि यूक्रेन के बड़े हिस्से पर रूस ने कब्जा कर लिया है। एजेंसी ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन के नोवाकाखोवका में नीपर नदी के पास बने पनबिजली घर पर अपनी सेना इकट्ठी कर ली है।

यूक्रेन की सेना के मुताबिक रूस के सैनिकों ने कीव के तेल डिपो पर मिसाइल दागी। इससे वहां आग भड़क गई और हर तरफ धुआं छा गया। लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। यूक्रेन की सरकार ने इसके बाद लोगों से अपील की कि वे घरों से न निकलें। एक अन्य जानकारी के मुताबिक रूसी सेना ने खारकीव में गैस पाइपलाइन को भी तबाह कर दिया। खारकीव यूक्रेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। रूसी मिसाइल हमला कीव के दक्षिण-पश्चिम में भी हुआ। इस हमले में तेल का एक डिपो ध्वस्त होने की खबर है।

s400 Missile

उधर, रूस की सरकार भी अमेरिका और नाटो देशों के प्रतिबंधों के खिलाफ उठ खड़ी हुई है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन समेत कई नेताओं की संपत्ति फ्रीज करने और रूस को लेन-देन की अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था स्विफ्ट से हटाने की तैयारी के बीच रूस ने भी पलटवार किया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि उनका देश भी पश्चिमी देशों की संपत्ति को फ्रीज करेगा। लावरोव ने ये भी कहा कि वो यूक्रेन के साथ समझौते की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि यूक्रेन ने कल रूस के समझौता प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। जिसके बाद रूस की सेना को यूक्रेन पर हमला तेज करने का आदेश राष्ट्रपति पुतिन ने दिया था।