newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Good Friday 2022: क्यों और कैसे मनाते हैं गुड फ्राइडे?, जानिए इससे जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें

Good Friday 2022: सूली पर लटकाने की घटना के दिन को गुड फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे, होली फ्राइडे या ग्रेट फ्राइडे के नाम से जाना गया। प्रभु ईसा मसीह येरूसलम के लोगों को मानवता, एकता और अहिंसा का उपदेश देते थे और उन्हें अच्छाई की राह दिखाकर उस पर चलने के लिए प्रेरित कर रहे थे।

नई दिल्ली। आज यानी 15 अप्रैल 2022 को ईसाई धर्म का पवित्र त्योहार ‘गुड फ्राइडे’ मनाया जा रहा है और 17 अप्रैल 2022 को ‘ईस्टर संडे’ मनाया जाएगा। ऐसा माना जाता है कि रविवार के दिन ही यीशु ने येरुशलम में प्रवेश किया था। कहा जाता है, 29ई. को प्रभु ईसा गधे पर सवार होकर यरुशलम पहुंचे थे और लोगों ने खजूर की डालियां बताकर उनका स्वागत किया था, इसलिए इस दिन को ‘पाम संडे’ के नाम से भी जाना जाता है। येरुशलम में ही उनके खिलाफ षड़यंत्र रचा गया और उन पर राजद्रोह का आरोप लगाकर शुक्रवार को उन्हें सूली पर लटका दिया गया। सूली पर लटकाने की घटना के दिन को ‘गुड फ्राइडे’, ‘ब्लैक फ्राइडे’, ‘होली फ्राइडे’ या ‘ग्रेट फ्राइडे’ के नाम से जाना गया। प्रभु ईसा मसीह येरूसलम के लोगों को मानवता, एकता और अहिंसा का उपदेश देते थे और उन्हें अच्छाई की राह दिखाकर उस पर चलने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इससे नाराज होकर धार्मिक अंधविश्वास से भरे लोगों ने षडयंत्र रचकर उन पर राजद्रोह का आरोप लगा दिया। जिसके बाद उन्हें मौत की सजा सुनाई गई और प्रभु यीशु को सूली पर चढ़ा दिया गया। प्रभु यीशु के इस बलिदान के दिन को ‘गुड फ्राइडे’ कहा गया।

कहा जाता है कि इसके ठीक तीसरे दिन यानी संडे को प्रभु ईसा मसीह दोबारा जीवित हो गए और 40 दिन तक उन्होंने लोगों को उपदेश दिए। उनके दोबारा जीवित होने की इस घटना के दिन को ‘ईस्टर संडे’ का नाम दिया गया। गुड फ्राइडे के दिन चर्च में ईसा के जीवन के अंतिम पलों को दोहराया जाता है, साथ ही पूरे मन से लोगों की सेवा की जाती है। ईसाई धर्म के लोग इसे ‘शोक दिवस’ के रुप में मनाते हैं। गुड फ्राइडे के दिन चर्च और घरों से सजावट की सभी वस्तुएं हटा दी जाती हैं और इस दिन न तो चर्च में कैंडल जलाई जाती है और न ही घंटियां बजाई जाती हैं। इसके अलावा, इस दिन लोग प्रभु यीशु की याद में काले कपड़े पहन कर पदयात्रा करते हैं साथ ही शाकाहारी और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। गुड फ्राइडे को लोग क्रॉस को चूमकर प्रभु ईसा मसीह को याद करते हुए अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं।