newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Big Deal: अडाणी ग्रुप ने स्विस holcim group का भारत में किया टेकओवर, सीमेंट निर्माण में दूसरा स्थान किया हासिल

ग्रुप के टेकओवर के बाद गौतम अडाणी ने बयान जारी कर कहा कि सीमेंट कारोबार में हमारा कदम देश की विकास गाथा में हमारे भरोसे का एक और प्रमाण है। हमें विश्वास है कि हम सक्षम होंगे कि एक विशिष्ट एकीकृत और विशिष्ट व्यवसाय मॉडल का निर्माण करें।

अहमदाबाद। एशिया के सबसे धनी व्यक्ति गौतम अडाणी की कंपनी अडाणी ग्रुप ने सीमेंट कारोबार में अपनी पैठ जमाने के लिए बड़ी डील की है। ग्रुप ने दुनिया की सबसे बड़ी स्विस सीमेंट निर्माता कंपनी होल्सिम ग्रुप के भारत में सारे कारोबार को खरीद लिया है। होल्सिम ग्रुप की भारत में दो बड़ी सीमेंट बनाने वाली कंपनियां एसीसी और अंबुजा सीमेंट हैं। इन दोनों को अडाणी ग्रुप ने 10.5 अरब डॉलर यानी करीब 80000 करोड़ रुपे में खरीदा है। इनफ्रास्ट्रक्चर और मैटेरियल क्षेत्र में भारत की किसी कंपनी की ओर से ये अब तक का सबसे महंगा अधिग्रहण है। रेगुलेटरी अथॉरिटी की हरी झंडी के बाद डील पूरी होगी।

acc cement plant

होल्सिम ग्रुप ने अपनी कंपनियों के अधिग्रहण के लिए बोली लगवाई थी। इस बोली को अडाणी ग्रुप ने जीत लिया। अब एसीसी और अंबुजा सीमेंट का मालिकाना हक अडाणी ग्रुप के पास होगा। एसीसी और अंबुजा के सीमेंट की भारत में सबसे ज्यादा बिक्री होती है। इन कंपनियों को खरीदने के लिए सज्जन जिंदल के जेएसडब्ल्यू JSW ग्रुप ने भी बोली लगाई थी, लेकिन सौदा अडाणी ग्रुप के हाथ लगा। अभी भारत के सीमेंट बाजार में आदित्य बिरला ग्रुप का दबदबा है। इस ग्रुप की अल्ट्राटेक सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता है। अल्ट्राटेक हर साल 117 मिलियन टन सीमेंट बनाती है। वहीं, एसीसी और अंबुजा की मिलाकर निर्माण क्षमता 66 मिलियन टन है।

holcim group logo

होल्सिम ग्रुप करीब 17 साल से भारत में कारोबार कर रहा था। ग्रुप के टेकओवर के बाद गौतम अडाणी ने बयान जारी कर कहा कि सीमेंट कारोबार में हमारा कदम देश की विकास गाथा में हमारे भरोसे का एक और प्रमाण है। अडानी ग्रुप के बंदरगाह और रसद व्यवसाय, ऊर्जा व्यवसाय और रियल एस्टेट व्यवसाय शामिल हैं। हमें विश्वास है कि हम सक्षम होंगे कि एक विशिष्ट एकीकृत और विशिष्ट व्यवसाय मॉडल का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि होल्सिम का वैश्विक नेतृत्व हमारे लिए हरित सीमेंट उत्पादन के लिए कुछ अत्याधुनिक तकनीकों को लेकर आया है, जो हमें पथ में तेजी लाने की अनुमति देगा।