newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

India-UAE Deal: भारत ने रुपए का दिखाया दम, डॉलर की जगह पहली बार यूएई से अपनी मुद्रा में कच्चा तेल खरीदा

इससे पहले भारत ने रूस से रुपए देकर कच्चा तेल खरीदने के बारे में बात की थी। रूस ने पहले तो इस बारे में समझौते के संकेत दिए, लेकिन यूक्रेन से जारी जंग में माली हालत खराब होते देखकर वो रुपए में पेमेंट लेने से मुकर गया। रूस अब भी भारत को कच्चा तेल देने के बदले डॉलर या चीन का युआन ले रहा है।

नई दिल्ली। भारत के रुपए का दम अब दुनिया देख रही है। दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके भारत के रुपए ने ऐसा करिश्मा किया है, जो आज तक नहीं हुआ। भारत ने यूएई से रुपए में भुगतान कर कच्चा तेल खरीदा है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाजार से रुपए में कच्चे तेल की खरीदारी की गई है। अब तक कच्चा तेल खरीदने के लिए डॉलर या यूरो में पेमेंट करना होता था। सूत्रों के मुताबिक भारत और यूएई ने तय किया है कि अबसे आपसी व्यापार में वो अपने देश की मुद्रा का ही इस्तेमाल करेंगे। इससे रुपए का भाव भी बढ़ने के आसार हैं।

modi and sheikh zayed of uae
यूएई के राष्ट्रपति शेख जायद के साथ पीएम नरेंद्र मोदी।

सूत्रों के मुताबिक भारत ने रुपए में पेमेंट कर यूएई से 10 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदा है। बीते दिनों पीएम नरेंद्र मोदी फ्रांस यात्रा से लौटते वक्त यूएई गए थे और वहां के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की थी। इसी दौरान भारत और यूएई के बीच अपने देशों की मुद्रा में आयात और निर्यात संबंधी समझौता हुआ था। भारत से यूएई ज्यादातर चावल और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदता है। यूएई और भारत को इस समझौते से फायदा है। दोनों को डॉलर खर्च नहीं करने होंगे। इससे विदेशी मुद्रा की भी बड़ी बचत होगी।

putin and modi

इससे पहले भारत ने रूस से रुपए देकर कच्चा तेल खरीदने के बारे में बात की थी। रूस ने पहले तो इस बारे में समझौते के संकेत दिए, लेकिन यूक्रेन से जारी जंग में माली हालत खराब होते देखकर वो रुपए में पेमेंट लेने से मुकर गया। रूस अब भी भारत को कच्चा तेल देने के बदले डॉलर या चीन का युआन ले रहा है। अब यूएई से रुपए में कच्चे तेल के भुगतान की सुविधा मिलने के बाद माना जा रहा है कि भारत अब रूस के साथ ही यूएई से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करेगा।