newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

देश में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा हुआ 7 हजार के पार

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 1035 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। भारत में 24 घंटों के दौरान बढ़े संक्रमित मरीजों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मरीजों की संख्या बड़ी तेजी से बढ़ती जा रही है। अबतक देश में 7447 कोरोना मरीज पाए गए हैं। इसके अलावा देश में इस वायरस से होने वाली मौत की बात करें तो अबतक 239 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि 643 कोरोना मरीजों का इलाज भी किया जा चुका है, और वो अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।

Coronavirus

संक्रमित लोगों के आंकड़ों में तबलीगी जमातियों की संख्या भी खूब है। दिल्ली की बात करें तो पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके की 13 मस्जिदों से 102 जमातियों को निकाला गया था। जिसमें से अब 52 जमाती कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। मस्जिदों से निकाले गए बहुत से जमाती निजामुद्दीन मरकज के बताए जा रहे हैं, इनमें कुछ विदेशी भी शामिल हैं।

coronavirus

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 1035 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। भारत में 24 घंटों के दौरान बढ़े संक्रमित मरीजों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं कोरोना वायरस के कारण 24 घंटों में 40 नई मौतें दर्ज की गई हैं।

झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि, झारखंड में कोरोना वायरस के 3 नए मामले सामने आए हैं- एक मामला रांची के हिंदपीरी से है और 2 कोडरमा और हजारीबाग से। राज्य में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 17 हुई।

corona kit

वहीं आगरा के कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन. सिंह के जानकारी दी कि, आगरा में कोरोना वायरस के 3 और मामले सामने आए हैं। अब यहां कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 92 है, इसमें 81 लोगों को अभी संक्रमण है।