newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कोरोना का कहर : देश में एक दिन में आए 77 हजार से अधिक नए मामले, कुल संख्या 34 लाख के करीब

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने बताया कि, 27 अगस्त तक टेस्ट किए गए सैंपल की कुल संख्या 3,94,77,848 है, जिसमें 9,01,338 सैंपल का टेस्ट कल(27 अगस्त को) किया गया।

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना की संख्या अब तेजी के साथ बढ़ रही है। रोजाना सामने आ रहे नए मामलों की संख्या अब 70 हजार के अधिक है। ऐसे में कोरोना को लेकर सावधानी बरतनी जरूरी है। हालांकि राहत की बात ये है कि कोरोना के मौजूदा सक्रिय मामलों की संख्या ठीक होने वालों की संख्या से बहुत कम है।

punjab corona

शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि, भारत में पिछले 24 घंटों में COVID19 के 77,266 नए मामले सामने आए हैं और 1,057 मौतें हुई हैं। बता दें कि इसके पहले एक दिन में 60 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे थे लेकिन पिछले 2 दिन से देश में कोरोना की रफ्तार और बढ़ी है।

Corona Case

वहीं देशभर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 33 लाख 87 हजार 501 है। सक्रिय मामलों की संख्या 7 लाख 42 हजार 023 है। इसके अलावा इस वायरस से ठीक होने वालों की संख्या 25 लाख 83 हजार 948 तक पहुंच गई है। बता दें कि कोरोना महामारी से जान गंवा चुके लोगों की संख्या  61 हजार 529 हो गई है।

Corona Test

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने बताया कि, 27 अगस्त तक टेस्ट किए गए सैंपल की कुल संख्या 3,94,77,848 है, जिसमें 9,01,338 सैंपल का टेस्ट कल(27 अगस्त को) किया गया। गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में कोविड-19 के अगस्त महीने के एक दिन के सर्वाधिक 1840 मामले गुरुवार को सामने आए। इसके साथ ही, शहर में कुल मामले बढ़कर 1.67 लाख से अधिक हो गए, जबकि इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,369 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 22 लोगों की मौत हुई है।

Amit Shah NSG

वहीं कोरोना के शिकार होने वाले बड़े नामों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, आयुष मंत्री श्रीपद नाइक, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। इससे पहले राज्य से तीन अन्य भाजपा सांसद- संजय भाटिया (करनाल), बृजेन्द्र सिंह (हिसार) और नायब सिंह सैनी (कुरुक्षेत्र) भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। हरियाणा के 8 भाजपा विधायक भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जिनमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा और कृषि मंत्री जे पी दलाल शामिल हैं।