newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sonakshi Sinha: कानूनी पचड़े में बुरी फंसी सोनाक्षी सिन्हा, जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट, जानें पूरा माजरा

Sonakshi Sinha: प्रमोद शर्मा के अनुसार सोनाक्षी सिन्हा और उनकी टीम ने धोखा करके उनसे 36 लाख रुपये हड़प लिए। इस मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को होगी। शिकायत के बाद मुरादाबाद ACJM कोर्ट ने सोनाक्षी के खिलाफ वारंट जारी किया है।

नई दिल्ली। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा पर एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता ने सोनाक्षी सिन्हा और उनकी टीम पर तमाम आरोप लगाए हैं। मुरादाबाद के रहने वाले प्रमोद शर्मा ने 22 फरवरी 2019 को मुरादाबाद के कटघर थाने में सोनाक्षी सिन्हा सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। सभी आरोपियों का स्टे खत्म हो चुका है। प्रमोद शर्मा के अनुसार सोनाक्षी सिन्हा और उनकी टीम ने धोखा करके उनसे 36 लाख रुपये हड़प लिए। इस मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को होगी। शिकायत के बाद मुरादाबाद ACJM कोर्ट ने सोनाक्षी के खिलाफ वारंट जारी किया है। शिकायतकर्ता प्रमोद शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कॉन्ट्रेक्ट पर साइन करने के बाद भी, सोनाक्षी सिन्हा दिल्ली के समारोह में शामिल होने के लिए नहीं आईं। जबकि उनके हवाई जहाज के टिकट का भुगतान किया जा चुका था। दरअसल, मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रमोद शर्मा ने फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को ‘टैलेंट फुलऑन और एक्साइड एंटरटेनमेंट’ कंपनी के माध्यम से ‘इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड’ के लिए आमंत्रित किया था। ये कार्यक्रम 30 सितंबर 2018 को ‘श्री फोर्ड ऑडिटोरियम’, दिल्ली में आयोजित होने वाला था।

सोनाक्षी ने इसके लिए सोशल मीडिया पर एक प्रमोशन वीडियो भी जारी किया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सोनाक्षी को प्लेन से लेकर पेमेंट तक का भुगतान किया जा चुका था, जिसकी कीमत 29 लाख 92 हजार रुपये थी। लेकिन सोनाक्षी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। इसके बाद प्रमोद शर्मा ने इस संबंध में 22 फरवरी 2019 में कटघर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं हुई, जिसके चलते शिकायतकर्ता ने आत्महत्या का भी प्रयास किया था। मामले के तूल पकड़ने के बाद मामला दर्ज किया गया।

केस दर्ज होने के बाद सोनाक्षी सिन्हा 14 अगस्त को इस मामले पर अपना बयान दर्ज कराने मुरादाबाद आई थीं और दो घंटे होटल में रुकने के बाद उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया था। इस मामले में प्रमोद ने दो बार मुख्यमंत्री के पोर्टल पर भी पूरे मामले की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनाक्षी के खिलाफ धारा 420 और 406 के तहत चार्जशीट दाखिल की थी। इस मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रही सोनाक्षी सिन्हा के लगातार कोर्ट में गैर-हाजिर रहने के कारण उनके खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी हुआ है।