newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amit Shah On Congress : कांग्रेस की गलतियों ने दशकों से पूरे देश को परेशान किया, कश्मीर को लेकर गृहमंत्री शाह ने खड़गे पर निकाली भड़ास

Amit Shah On Congress : गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा कि यह सुनना शर्मनाक है कि कांग्रेस पार्टी पूछ रही है, कश्मीर से क्या वास्ता है? मैं कांग्रेस को याद दिलाना चाहूंगा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और प्रत्येक राज्य और नागरिक का जम्मू-कश्मीर पर अधिकार है। ठीक वैसे ही जैसे जम्मू-कश्मीर के लोगों का भारत के दूसरे प्रदेशों पर अधिकार है।

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर निशाना साधते हुए पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा कि धारा 370 से राजस्थान या अन्य प्रदेशों के लोगों का क्या वास्ता है। हालांकि इस दौरान खड़गे ने धारा 370 को 371 बोल दिया। इस पर गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस से ऐसी भयानक गलतियाँ करने की अपेक्षा ही की जाती है। कांग्रेस के द्वारा की गई ऐसी भूलों ने दशकों से हमारे देश को परेशान किया है। गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा कि यह सुनना शर्मनाक है कि कांग्रेस पार्टी पूछ रही है, कश्मीर से क्या वास्ता है? मैं कांग्रेस पार्टी को याद दिलाना चाहूंगा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और प्रत्येक राज्य और नागरिक का जम्मू-कश्मीर पर अधिकार है। ठीक वैसे ही जैसे जम्मू-कश्मीर के लोगों का भारत के दूसरे प्रदेशों पर अधिकार है।

कांग्रेस को यह नहीं पता कि कश्मीर में शांति और सुरक्षा के लिए राजस्थान के कई वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। लेकिन यह सिर्फ कांग्रेस नेताओं की गलती नहीं है। भारत के विचार को न समझ पाने के लिए अधिकतर कांग्रेस पार्टी की इटालियन संस्कृति ही दोषी है। ऐसे बयानों से हर उस देशभक्त नागरिक को ठेस पहुँचती है जो देश की एकता और अखंडता की परवाह करता है। जनता कांग्रेस को जरूर जवाब देगी।

दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी हर रैली में चाहे वो देश के किसी भी हिस्से में हो कश्मीर की बात करते हैं। इस दौरान उन्होंने धारा 370 को धारा 371 बोल दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की इस बात पर गृहमंत्री अमित शाह ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की जानकारी के लिए बता दें कि यह अनुच्छेद 371 नहीं, बल्कि अनुच्छेद 370 था, जिसे केंद्र की मोदी सरकार ने निरस्त कर दिया है। हालाँकि, कांग्रेस से ऐसी भयानक गलतियाँ करने की अपेक्षा ही की जाती है। कांग्रेस के द्वारा की गई ऐसी भूलों ने दशकों से हमारे देश को परेशान किया है।