newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली के जामिया इलाके में गोलीकांड पर असदुद्दीन ओवैसी ने साधा पीएम मोदी पर निशाना, अनुराग ठाकुर पर भी बरसे

इस घटना पर एआईएमआईएम चीफ और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अब इस हमलावर को इसके कपड़ों से पहचानना चाहिए।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जामिया नगर में प्रदर्शन के दौरान गोलीकांड ने पूरे देश को दहला दिया है। पुलिस की मौजूदगी में बंदूक लहराते एक शख्स ने स्टूडेंट पर गोली चला दी। इस घटना पर एआईएमआईएम चीफ और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अब इस हमलावर को इसके कपड़ों से पहचानना चाहिए।Asaduddin Owaisi

ओवैसी ने ट्वीट कर लिखा, ‘अनुराग ठाकुर और सभी राष्ट्रवादियों का शुक्रिया, जिन्होंने इतनी नफरत बोई कि एक आतंकी ने एक स्टूडेंट पर पुलिस की मौजूदगी में गोली चला दी। दिल्ली पुलिस की उस बहादुरी को क्या हुआ, जो उन्होंने पिछले महीने जामिया में दिखाई थी।’


बता दें कि गोलीकांड में घायल हुए स्टूडेंट को मदद के लिए पुलिसवालों के पास कथित तौर पर बैरिकेड्स फांदकर जाना पड़ा, जबकि उन्हें आराम से हटाया जा सकता था। इस पर ओवैसी ने लिखा, ‘अगर लाचार दर्शक का कोई अवॉर्ड होता, तो वह हर बार आप लोगों को मिलता। क्या आप बताएंगे कि गोली लगे हुए एक घायल शख्स को क्यों बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर जाना पड़ा? आपका कौन सा सर्विस रूल आपको थोड़ा सा इंसान होने से रोकता है।’


उन्होंने आगे लिखा, ‘ये सब आज हुआ है, जब हम गोडसे द्वारा की गई गांधी की हत्या को याद कर रहे हैं। जब कुछ छात्र गांधी के लिए शांतिमार्च निकाल रहे थे। ऐसी कायराना हरकतें हमें डरा नहीं सकतीं। विरोध जारी रहेगा। यह अब गोडसे का भारत बनाम गांधी, आंबेडकर और नेहरू का भारत हो चुका है। चुनाव करना बेहद आसान है।’


बता दें कि गुरुवार को जामिया नगर इलाके में सीएए के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स ने गोली चला दी। जानकारी के मुताबिक, गोली चलाने वाले व्यक्ति ने कहा कि मैं तुम लोगों को आजादी दिलाता हूं। आरोपी का नाम गोपाल बताया जा रहा है। वह दिनों से ऐसी किसी घटना को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था। घटना से पहले उसने कई फेसबुक पोस्ट भी लिखीं और फेसबुक लाइव किया। गोली चलाने वाले व्यक्ति ने पिस्टल लहराते हुए कहा, ‘दिल्ली पुलिस जिंदाबाद, जामिया मिल्लिया मुर्दाबाद।’