newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मुंबई में आते ही तूफान निसर्ग पड़ा कमजोर, बड़ा खतरा टला लेकिन बारिश जारी

चक्रवाती तूफान निसर्ग महाराष्ट्र तट से टकरा गया है। लैंडफाल की प्रक्रिया शुरू हो गई है जो अगले तीन घंटे तक चलेगी। इसी के साथ रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, अलीबाग सहित कई इलाकों में तेज बारिश और हवाएं चल रही हैं।

मुंबई। चक्रवाती तूफान निसर्ग महाराष्ट्र के तटीय इलाकों से टकराया. मुंबई में निसर्ग तूफान अलीबाग के तट से टकराया। हालांकि तूफान का मुंबई के लिए खतरा लगभग खत्म हो चुका है। वहीं मुंबई के ज्यादातर इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। साथ ही हवाएं 50 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से नहीं चलेंगी।

Nisarga Cyclone

महाराष्ट्र में तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ टूटकर गिर गए। तूफान के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर ट्रैफिक की आवाजाही रोक दी गई। महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं. मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। ऐसे में लोगों को घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है। वही मुंबई एयरपोर्ट पर भी शाम सात बजे तक आवाजाही को रोक दिया गया है।


इससे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में चक्रवात निसर्ग के रायगढ़ के तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और यह तीन घंटे तक जारी रहेगी। चक्रवात तटीय महाराष्ट्र से होकर गुजरा है, जो मुख्य रूप से रायगढ़ जिले को कवर करता है। इसी के साथ रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, अलीबाग सहित कई इलाकों में तेज बारिश और हवाएं चल रही हैं।

आईएमडी ने कहा, “चक्रवात का केंद्र महाराष्ट्र तट के बहुत करीब है। टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो तीन घंटे में पूरी होगी।” वर्तमान में चक्रवात का उत्तर-पूर्व क्षेत्र भूमि में प्रवेश कर रहा है। गंभीर चक्रवात अगले तीन घंटे में अलीबाग के करीब महाराष्ट्र तट को पार कर जाएगा।आईएमडी ने दोपहर 12 बजे के बुलेटिन में कहा, “अगले तीन घंटों के दौरान चक्रवात धीरे-धीरे मुंबई और ठाणे जिले में प्रवेश करेगा।”

अपडेट-

शाम सात बजे तक मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से कोई उड़ान संचालित नहीं की जाएगी। एयरपोर्ट पर फेड एक्स विमान 5033 फिसल गया जो बंगलूरू से यहां पहुंचा था। इस विमान को खींंचकर रनवे से ले जाया गया। किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

रत्नागिरी इलाके में तूफान के चलते तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।

एनडीआरएफ प्रमुख एसएन प्रधान ने कहा- महाराष्ट्र और गुजरात में एनडीआरएफ की 43 टीम तैनात है। 21 टीम महाराष्ट्र में तैनात है। करीब एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

गुजरात के द्वारका समुद्र तट पर हाई टाइड और तेज हवाएं चल रही हैं। बता दें कि गुजरात में भी एनडीआरएफ की 20 से ज्यादा टीमों को तैनात किया गया है।