newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Heavy Rain: हिमाचल से दिल्ली तक जारी रहेगा बारिश का कहर, पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी अलर्ट जारी

उत्तर और पश्चिमी भारत में बारिश का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, सोलन और कुल्लू समेत 7 जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड के भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। अब मौसम विभाग ने ये जानकारी भी दी है कि अब भारी बारिश पूर्वोत्तर राज्यों में होने के आसार हैं।

नई दिल्ली। उत्तर और पश्चिमी भारत में बारिश का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, सोलन और कुल्लू समेत 7 जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड के भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे उसके तट पर बसने वाले लोगों को सुरक्षित जगह ले जाना पड़ा है। पहले बात हिमाचल प्रदेश की कर लेते हैं। यहां बारिश की वजह से ब्यास नदी में सैलाब आ गया। इससे 700 से ज्यादा सड़कें बह गई हैं। तमाम पुल भी नदी की चपेट में आकर गायब हो गए हैं। सैलाब का सबसे ज्यादा असर मंडी और कुल्लू जिले में पड़ा है।

heavy rain 2

हिमाचल प्रदेश में ही बीती 24 जून से 9 जुलाई तक 72 लोगों की मौत बारिश संबंधी हादसों में होने की खबर है। वहीं, कई अन्य राज्यों में भी बारिश के कारण हुए हादसों में लोगों ने जान गंवाई है। गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली से लगे यूपी के इलाकों में भी जमकर बारिश से लोगों की जिंदगी अजाब बन गई है। खेतों में पानी भर गया है। तमाम बांध और झीलें लबालब भरने के बाद पानी का सैलाब सड़कों पर बहता दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार के बाद से बारिश का जोर कम होने की संभावना है। उधर, हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की वजह से दिल्ली में यमुना का स्तर खतरे के निशान से ऊपर 205 मीटर को पार कर बह रहा है। दिल्ली के लिए भी मौसम विभाग ने आज भी काफी बारिश होने की बात कही है।

heavy rain 3

उत्तर और पश्चिम भारत में तो बारिश ने कहर बरपाया ही है। अब मौसम विभाग ने ये जानकारी भी दी है कि अब भारी बारिश पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल के उत्तरी इलाकों में होने के आसार हैं। इन इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन अब मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं। इन इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल की सरकार सभी उपाय कर रही हैं।