newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Israel On Sanjay Raut: उद्धव ठाकरे गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने करा दी भारत की बेइज्जती!, ये है मामला

संजय राउत ने यहूदियों के बारे में एक्स पर पोस्ट किया था। इजरायल आजकल आतंकी संगठन हमास के खिलाफ गाजा में जंग लड़ रहा है। इजरायल पर हमास ने गाजा के अल-शिफा अस्पताल पर हमला करने का आरोप लगाया था। यहां तमाम बच्चों की हालत खराब होने की खबर भी थी।

नई दिल्ली। उद्धव ठाकरे के शिवसेना गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत अपने बयानों की वजह से विवादों में घिरते रहे हैं। इस बार उनके एक्स पर एक पोस्ट ने भारत की बेइज्जती तक करा दी है। संजय राउत के इस पोस्ट पर इजरायल नाराज हो गया है। संजय राउत ने यहूदियों के बारे में एक्स पर पोस्ट किया था। इजरायल आजकल आतंकी संगठन हमास के खिलाफ गाजा में जंग लड़ रहा है। इजरायल पर हमास ने गाजा के अल-शिफा अस्पताल पर हमला करने का आरोप लगाया था। यहां तमाम बच्चों की हालत खराब होने की खबर भी थी। इसी पर एक्स पर एक पोस्ट किया गया था। जिस पर संजय राउत ने अपनी प्रतिक्रिया दी। संजय राउत की इसी प्रतिक्रिया से इजरायल नाराज हो गया और उसने भारत को नोट वर्बल देकर विरोध जताया है। आपको बताते हैं कि संजय राउत ने एक्स पर ऐसा क्या पोस्ट किया, जिससे इजरायल नाराज हुआ है।

Sanjay Raut

दरअसल, एक्स पर एक पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट में नवजात बच्चों की फोटो लगाकर बताया गया था कि गाजा के अल-शिफा अस्पताल में वक्त से पहले पैदा हुए बच्चे चीख रहे हैं, क्योंकि उनको इन्क्यूबेटर में नहीं रखा जा रहा। एक्स पोस्ट में इसकी वजह ये बताई गई कि अल-शिफा अस्पताल की बिजली इजरायल ने काट दी। एक्स पर इसी पोस्ट में लिखा गया था कि सेना ने अल-शिफा अस्पताल को चारों तरफ से घेर रखा है। यहां खाने का सामान, दूध या पानी ले जाने की अनुमति नहीं है। एक्स के इसी पोस्ट पर संजय राउत ने अपनी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि ये समझ आ रहा है कि हिटलर आखिर ज्यू यानी यहूदी समुदाय से नफरत क्यों करता था। इजरायल ने संजय राउत के इसी बयान पर आपत्ति जताई है और इसे दूसरे विश्व युद्ध के दौरान हुए यहूदियों के नरसंहार का पक्ष लेने वाला बताते हुए भारत सरकार को नोट वर्बल भेजा है। इजरायल के दूतावास ने संजय राउत के इस ट्वीट के बारे में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को भी लिखा है।

भारत सरकार ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए हमास के हमले को आतंकवाद माना है। इजरायल में इस हमले में 1400 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 4500 से ज्यादा घायल हुए थे। वहीं, गाजा में इजरायल के हमले में 18000 से ज्यादा लोगों के मारे जाने और 20000 से ज्यादा लोगों के घायल होने का दावा हमास ने किया था। फिलहाल दोनों पक्षों में युद्धविराम है। एक-दूसरे के लोगों को रिहा किया जा रहा है, लेकिन संजय राउत का बड़बोलापन भारत के लिए बेइज्जती का सबब बन गया। इजरायल की तरफ से नाराजगी जताए जाने के मामले में खबर लिखे जाने तक संजय राउत की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।