newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amritpal Singh: लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह, पंजाब की इस सीट से भरेगा नामांकन

Amritpal Singh: अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया था। वो लगातार खालिस्तान समर्थक बयानबाजी करता था और पुलिस को धमकी देता था। इस मामले में अमृतपाल सिंह पर पंजाब पुलिस ने कई केस भी दर्ज किए थे। अमृतपाल अभी असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है।

बरनाला। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह भी लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। अमृतपाल सिंह के वकील राजदेव सिंह खालसा ने उससे मुलाकात के बाद ये बात कही। राजदेव सिंह खालसा के जरिए अमृतपाल सिंह ने अपने समर्थकों के लिए ऑडियो मैसेज भी भेजा है। मैसेज में उसने कहा है कि खडूर साहिब सीट से वो लोकसभा चुनाव लड़ेगा। अमृतपाल सिंह ने ये भी कहा है कि वो किसी पार्टी का प्रत्याशी नहीं होगा। यानी वो निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी अखाड़े में उतरने की तैयारी कर रहा है।

amritpal singh latest photo 1
मोगा पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद अमृतपाल सिंह की तस्वीर।

अमृतपाल सिंह के चाचा सुखचैन सिंह और पिता तरसेम सिंह अब उससे मुलाकात करने के लिए असम जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों शुक्रवार को डिब्रूगढ़ जेल जाकर वहां बंद अमृतपाल सिंह से मुलाकात करेंगे। अमृतपाल सिंह के वकील राजदेव सिंह खालसा का कहना है कि अमृतपाल सिंह का नामांकन 7 से 17 मई के बीच दाखिल किया जा सकता है। अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया था। वो लगातार खालिस्तान समर्थक बयानबाजी करता था और पुलिस को धमकी देता था। इस मामले में अमृतपाल सिंह पर पंजाब पुलिस ने कई केस भी दर्ज किए थे।

khalistan supporter amritpal singh 2

पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान को गिरफ्तार भी किया था। तूफान को पुलिस से छुड़ाने के लिए अमृतपाल सिंह ने अपने संगठन वारिस पंजाब दे के सदस्यों के साथ पंजाब के अजनाला थाने पर धावा बोला था। वहां झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने लवप्रीत सिंह तूफान को तो छोड़ दिया था, लेकिन अमृतपाल सिंह के लगातार बढ़ते हौसले के कारण उसके और वारिस पंजाब दे के खिलाफ अभियान छेड़ा। इस दौरान अमृतपाल सिंह फरार होने में कामयाब हो गया था। करीब 2 महीने तक हरियाणा, दिल्ली से लेकर यूपी और हिमाचल तक तलाश के बाद अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस मोगा से गिरफ्तार करने में कामयाब हुई थी।