newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Nafe Singh Murder: आईएनएलडी प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की हत्या में बेटे और भानजे ने लिया 3 नेताओं का नाम, मीडिया के मुताबिक इनमें से 2 हुड्डा खानदान के करीबी

Nafe Singh Murder: हत्या के मामले में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष और बार के पूर्व प्रमुख बिजेंद्र राठी, उनके बेटे संदीप राठी और नगर परिषद के उपाध्यक्ष पालेराम शर्मा का नाम भी नफे सिंह के परिजनों ने लिया है। इनमें से बिजेंद्र और संदीप की करीबी हुड्डा परिवार से बताई जा रही है।

बहादुरगढ़। हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल यानी आईएनएलडी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या से सियासत गरमाई हुई है। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने नफे सिंह की हत्या की सीबीआई जांच कराने की संस्तुति की है। इस बीच, हिंदी अखबार दैनिक जागरण के मुताबिक नफे सिंह की हत्या के मामले में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष और बार के पूर्व प्रमुख बिजेंद्र राठी, उनके बेटे संदीप राठी और नगर परिषद के उपाध्यक्ष पालेराम शर्मा का नाम भी नफे सिंह के परिजनों ने लिया है। अखबार के मुताबिक नफे सिंह राठी के बेटे जीतेंद्र राठी और भानजे अजय उर्फ सोनू दलाल ने तीनों नेताओं का नाम पुलिस की पूछताछ में लिया है। जीतेंद्र ने अखबार से बातचीत में इसकी पुष्टि भी की है।

आईएनएलडी नेता नफे सिंह के बेटे जीतेंद्र ने अखबार से कहा कि इन तीन नेताओं का हाथ भी उनके पिता की हत्या में हो सकता है। जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के बेटे जगदीश नंबरदार की आत्महत्या के मामले में पालेराम शर्मा गवाह हैं। पालेराम शर्मा पहले भी कई बार नफे सिंह के खिलाफ बयान देते रहे हैं। वहीं, अखबार की खबर के मुताबिक बिजेंद्र राठी और उनके बेटे संदीप राठी से नफे सिंह राठी का पुराना राजनीतिक विवाद है। बिजेंद्र राठी और उनके बेटे कांग्रेस में हैं। अखबार की खबर के मुताबिक दोनों को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा का खास माना जाता है।

नफे सिंह राठी की रविवार को बहादुरगढ़ में हत्या हो गई थी। एक व्यक्ति के यहां शोक प्रकट करने के बाद वो घर जा रहे थे। नफे सिंह अपनी गाड़ी में सामने बैठे थे। जबकि, तीन सुरक्षाकर्मी पीछे की सीट पर थे। 4 हमलावरों ने नफे सिंह की गाड़ी पर गोलियों की बौछार कर दी थी। इससे नफे सिंह और उनके एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई थी। जबकि, दो अन्य सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे। नफे सिंह के हत्यारे रास्ते में ही अपनी आई10 कार में काफी समय से नफे सिंह के आने का इंतजार कर रहे थे। इसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है।