newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Agneepath Scheme: अग्निवीरों को लेकर आज होगा अहम एलान, दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे तीनों सेना प्रमुख

अग्निवीर योजना को सेना की अग्निपथ सेवा के तहत लाया गया है। इसमें 17 से 21 साल के युवा शामिल हो सकते हैं। इस साल इस आयु सीमा को 23 साल रखा गया है। चार साल की नौकरी के बाद उन्हें करीब 12 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा केंद्रीय बलों और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में लिए जाने की बात भी सरकार ने कही है।

नई दिल्ली। मोदी सरकार की ओर से आज सेना के लिए नई भर्ती वाली ‘अग्निपथ योजना’ के बारे में अहम एलान होने की संभावना है। दोपहर करीब 2 बजे तीनों सेनाओं के प्रमुख प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इससे पहले आज सुबह ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेना प्रमुखों के बीच लंबी बैठक चली। राजनाथ ने कल भी नौसेना और वायुसेना प्रमुखों के साथ बैठक की थी। इस बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने ये भी एलान किया था कि अग्निवीरों को रिटायर होने के बाद सेना और उससे जुड़े प्रतिष्ठानों में नौकरी दी जाएगी। उनके लिए 10 फीसदी स्थान रिजर्व करने की जानकारी भी राजनाथ सिंह ने दी थी।

माना जा रहा है कि सरकार अभी इस योजना को अग्निवीरों के लिए और लाभकारी बना सकती है। इसके अलावा उन्हें रिटायर होने पर कहीं समायोजित करने का वादा भी सरकार कर सकती है। इस बीच, आज सुबह ही वायुसेना ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि अग्निवीरों को क्या फायदे होंगे। इसमें वायुसेना ने चार साल के लिए उन्हें मिलने वाली तनख्वाह, रिटायरमेंट पर मिलने वाली सेवानिधि का जिक्र किया है। साथ ही बताया है कि अग्निवीरों को मुफ्त कैंटीन की सुविधा के अलावा हर साल 30 दिन की छुट्टी और नौकरी के दौरान 48 लाख रुपए का बीमा भी मिलेगा। इसके अलावा सेना के बाकी जवानों और अफसरों की तरह वीरता दिखाने पर जो सम्मान दिया जाता है, वो भी उन्हें हासिल होगा।

agniveer protest 1

बता दें कि अग्निवीर योजना को सेना की अग्निपथ सेवा के तहत लाया गया है। इसमें 17 से 21 साल के युवा शामिल हो सकते हैं। इस साल इस आयु सीमा को 23 साल रखा गया है। चार साल की नौकरी के बाद उन्हें करीब 12 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा केंद्रीय बलों और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में लिए जाने की बात भी सरकार ने कही है। इसके बाद भी बिहार समेत देश के तमाम राज्यों में इस योजना के विरोध में हिंसा और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं।