newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर पीएम मोदी-सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi Government) में कैबिनेट मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान (Chetan Chauhan) का रविवार को किडनी खराब होने की वजह से निधन हो गया। वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi Government) में कैबिनेट मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान (Chetan Chauhan) का रविवार को किडनी खराब होने की वजह से निधन हो गया। वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। हालत खराब होने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। चेतन चौहान के निधन पर क्रिकेट और राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Chetan Chauhan and PM Narendra Modi

पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि चेतन चौहान ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक सेवा और भाजपा को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी, चेतन चौहान जी के असामयिक निधन का व्यथित कर देने वाला समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्री राम, चौहान जी के परिजनों को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति एवं दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। शांति ।”

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेश के सैनिक कल्याण एवं होमगार्ड मंत्री एवं भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रहे चेतन चौहान के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा, “चेतन चौहान मृदभाषी, कर्मठ एवं सक्रिय राजनेता थे। दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुये शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।”

उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने भी चैहान के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विधान सभा अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा, “मेरे वरिष्ठ सहयोगी पूर्व क्रिकेटर चेतन चैहान के निधन से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अपूर्णीय क्षति हुई है। वे जितने लोकप्रिय खिलाड़ी थे, उतने ही लोकप्रिय जन नेता थे। यह हमारी व्यक्तिगत क्षति भी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को चिर शांति व शोकाकुल परिवार को अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

वहीं दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी ट्विट कर चेतन चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। गौतम गंभीर ने लिखा, ‘चेतन चौहान जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। खेल के साथ-साथ प्रशासन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति दे।’

इसके अलावा प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, मोहसिन राजा और राजेंद्र प्रताप ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवदेना व्यक्त की। चेतन  चौहान (73) योगी सरकार में ऐसे दूसरे मंत्री हैं,जिनका कोरोनावायरस (Coronavirus) से इस महीने निधन हो गया। इससे पहले 2 अगस्त को, उत्तर प्रदेश की मंत्री कमल रानी वरुण का इस महामारी से निधन हो गया था।

Chetan Chauhan

राजनीति में शामिल होने से पहले चौहान एक जाने-माने क्रिकेटर थे। उन्होंने 1969 से 1978 के बीच 40 टेस्ट खेले और 31.57 की औसत से 2084 रन बनाए। उनका उच्च स्कोर 97 था। साथ ही उन्होंने 7 वनडे खेली, जिसमें उन्होंने 153 रन बनाए।