newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: CM योगी के राज में यूपी पुलिस अक्खड़ से बनी मददगार, एटा में बुजुर्ग और बच्चों तक ऐसे पहुंचाई मदद

साल 2017 से पहले यूपी पुलिस के बारे में लोग कहते थे कि वो सिर्फ अक्खड़पन, टरकाना और गाली गलौज करना जानती है। अब ऐसा नहीं है। पिछले 5 साल में सीएम योगी आदित्यनाथ के राज में यूपी पुलिस ने अपनी छवि बदली है। अब यूपी पुलिस को लोग मददगार मानते हैं।

एटा। साल 2017 से पहले यूपी पुलिस के बारे में लोग कहते थे कि वो सिर्फ अक्खड़पन, टरकाना और गाली गलौज करना जानती है। अब ऐसा नहीं है। पिछले 5 साल में सीएम योगी आदित्यनाथ के राज में यूपी पुलिस ने अपनी छवि बदली है। अब यूपी पुलिस को लोग मददगार मानते हैं और वो लोगों की भलाई के लिए दिन और रात भी एक करती है। वहीं, गुंडों और बदमाशों पर पुलिस कहर बनकर टूटी है। हर महीने ऐसे तमाम मामले सामने आते हैं, जब यूपी पुलिस ने मुश्किल में फंसे लोगों की मदद की। ऐसा ही एक मामला यूपी के एटा से सामने आया है। एटा में एक युवक अपनी मां, पत्नी और तीन बच्चों को घर पर छोड़ दिल्ली चला गया। कुछ दिन बाद उसकी पत्नी भी दिल्ली चली गई। घर पर बुजुर्ग मां और बच्चे रह गए। बेटा और बहू के जाने के कुछ दिन बाद घर में राशन खत्म हो गया। बुजुर्ग महिला परेशान हो गई। किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। यूपी पुलिस ने जब ये वीडियो देखा, तो मिरहची थाने को सूचना दी। इस पर थाने की पुलिस ने बुजुर्ग को राशन मुहैया कराया।

cm yogi

मिरहची थाने के आलमपुर सिंधावली गांव में जिस बुजुर्ग महिला की यूपी पुलिस ने मदद की, उनका नाम कपूरी देवी है। कपूरी देवी के मुताबिक दिल्ली जाने के बाद बेटा और बहू ने एक बार भी उनका हाल नहीं पूछा। राशन खत्म होने पर वो खुद और बच्चे भूखे रहने लगे। कपूरी के मुताबिक उन्होंने खुद की भूख तो बर्दाश्त कर ली, लेकिन भूखे बच्चों को देखना उनके लिए दिक्कत का सबब बन गया। घर में राशन न होने से चारों लोगों के लिए दो जून की रोटी खाना मुश्किल से भरा हो गया। कपूरी ने कुछ लोगों को अपना ये हाल बताया। इस पर किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में कपूरी ने सीएम योगी से मदद की गुहार लगाई थी।

UP police

 

वीडियो वायरल हुआ, तो पुलिस को भी जानकारी हुई। एटा के एसएसपी उदयशंकर सिंह ने तुरंत मिरहची थाने को आदेश दिया कि बुजुर्ग की हर संभव मदद की जाए। इसके बाद मिरहची थाने के सब इंस्पेक्टर जवाहर सिंह धाकरे गांव पहुंचे और बुजुर्ग को आटा, दाल, नमक, मसाले, चीनी, तेल, चाय, बिस्कुट और फल दिए। पुलिस का ये रूप देखकर बुजुर्ग की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। सब इंस्पेक्टर ने बुजुर्ग कपूरी देवी को भरोसा दिलाया है कि पुलिस आगे भी उनकी देखभाल करेगी। साथ ही उनके बेटे और बहू से भी संपर्क साधने की कोशिश पुलिस कर रही है।