newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bharat Jodo Yatra 2.0: फिर भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले हैं राहुल गांधी, बहन प्रियंका का ये होगा रोल

Bharat Jodo Yatra 2.0: प्रियंका गांधी को हाल ही में कांग्रेस आलाकमान ने यूपी के प्रभार से मुक्त कर दिया है। प्रियंका गांधी को प्रभारी बनाया तो गया है, लेकिन किसी राज्य के लिए खास तौर पर उनकी नियुक्ति नहीं की गई है। इससे साफ है कि प्रियंका गांधी पूरे देश में घूम-घूमकर लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाएंगी।

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले हैं। इस बार राहुल गांधी की ये भारत जोड़ो यात्रा पश्चिम में गुजरात से पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम तक जाएगी। पिछली बार जब राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा की थी, तब वो पैदल ही चले थे, लेकिन इस बार वो पश्चिम से पूरब तक की दूरी पैदल नहीं नापेंगे। इस बार राहुल गांधी की यात्रा हाइब्रिड मोड में होगी। यानी यात्रा के रूट में जहां शहर और बड़े कस्बे होंगे, वहां राहुल गांधी पैदल चलेंगे और बाकी रास्ता गाड़ी में बैठकर तय करेंगे। इसकी वजह ये है कि लोकसभा चुनाव में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं और राहुल गांधी फरवरी के मध्य तक अपनी भारत जोड़ो यात्रा का अगला पड़ाव तय कर लेना चाहते हैं।

सूत्रों के हवाले से अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक और जानकारी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 2.0 के बारे में दी है। अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस बार राहुल गांधी की यात्रा के दौरान उनके साथ कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल गांधी की पहले हुई भारत जोड़ो यात्रा में बीच में हिस्सा लिया था। सोनिया गांधी भी अन्य नेताओं के अलावा राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं, लेकिन इस बार शुरू से अंत तक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 2.0 में प्रियंका गांधी के शामिल होने का खाका खींचा गया है।

priyanka gandhi vadra

प्रियंका गांधी को हाल ही में कांग्रेस आलाकमान ने यूपी के प्रभार से मुक्त कर दिया है। प्रियंका गांधी को प्रभारी बनाया तो गया है, लेकिन किसी राज्य के लिए खास तौर पर उनकी नियुक्ति नहीं की गई है। इससे साफ है कि प्रियंका गांधी पूरे देश में घूम-घूमकर लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाएंगी। उधर, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की बात करें, तो छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में जिस रूट से वो चले थे, उस पर जो भी विधानसभा सीटें थीं उनमें कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में देखने वाली बात ये होगी कि राहुल गांधी की नई भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को फायदा होता है या नहीं।