newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rahul Gandhi Speech: कांग्रेस के स्थापना दिवस पर मोदी सरकार के खिलाफ गरजे राहुल गांधी, जानिए क्या कुछ कहा?

Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, ‘पिछले दिनों BJP का एक MP मुझसे लोकसभा में मिला। उसने कहा- आपसे बात करनी है। उसके चेहरे पर चिंता थी। मैंने पूछा- सब ठीक है? उसने कहा- नहीं, सब ठीक नहीं है। BJP में रहकर अच्छा नहीं लग रहा। मेरा दिल कांग्रेस में है। BJP में गुलामी चलती है। जो ऊपर से कहा जाता है, वो बिना सोचे समझे करना पड़ता है।

नई दिल्ली। कांग्रेस के स्थापना दिवस पर राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नागपुर में जनसभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने मुख्तलिफ मसलों का जिक्र कर केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस नेता ने अपने संबोधन में कहा कि, ‘आपके वोट से अलग-अलग संस्थाएं बनती हैं, ये आपकी संस्थाएं हैं। लेकिन BJP सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा कर रही है। आप हिंदुस्तान की सारी यूनिवर्सिटीज को देख लीजिए, सभी वाइस चांसलर आज एक संगठन के हैं, जिनको कुछ नहीं आता। ये वाइस चांसलर अब मेरिट पर नहीं बनते, बल्कि संगठन के लोग वाइस चांसलर बनते हैं। पहले कहा जाता था कि मीडिया लोकतंत्र का रखवाला है। मैं आपसे पूछता हूं- क्या आज देश की मीडिया लोकतंत्र की रक्षा कर रही है?

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, ‘आजादी से पहले इस देश में सैकड़ों राजा थे, अंग्रेज थे। हिंदुस्तान की जनता के पास कोई अधिकार नहीं थे, तब कांग्रेस ने संविधान बनाकर जनता को ये सारे अधिकार दिए। इसी संविधान ने सभी को समान अधिकार दिए। ऐसा हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि BJP की विचारधारा राजाओं की विचारधारा है, वह किसी की सुनते नहीं हैं। BJP में आर्डर ऊपर से आता है और सभी को मानना पड़ता है। जबकि कांग्रेस पार्टी में आवाज कार्यकर्ताओं से आती है और हम उसका सम्मान करते हैं।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, ‘पिछले दिनों BJP का एक MP मुझसे लोकसभा में मिला। उसने कहा- आपसे बात करनी है। उसके चेहरे पर चिंता थी। मैंने पूछा- सब ठीक है? उसने कहा- नहीं, सब ठीक नहीं है। BJP में रहकर अच्छा नहीं लग रहा। मेरा दिल कांग्रेस में है। BJP में गुलामी चलती है। जो ऊपर से कहा जाता है, वो बिना सोचे समझे करना पड़ता है। राहुल ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, ‘देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। लोगों को लगता है कि यह सत्ता की लड़ाई है, लेकिन इस लड़ाई की नींव विचारधारा की है, तो इस तरह से मुख्तलिफ मसलों का जिक्र कर राहुल गांधी ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया।

वहीं, कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झंडा फहराया। इस खास मौके पर उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास में एक और अध्याय जुड़ गया है। हम सभी कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक लेकर जाएंगे, एक समृद्ध और खुशहाल भारत का लक्ष्य पूरा कर दिखाएंगे।