newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

अयोध्या में बनने वाले भगवान राम के मंदिर का नया डिजाइन आया सामने, जानिए क्या कुछ होगा खास

राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ बहुत जल्द होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि 5 अगस्त को अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन किया जाएगा। राम मंदिर निर्माण की रूपरेखा पर 18 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक हुई।

नई दिल्ली। राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ बहुत जल्द होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि 5 अगस्त को अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन किया जाएगा। राम मंदिर निर्माण की रूपरेखा पर 18 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक हुई। बैठक में कई मसलों पर अहम चर्चा हुई। राम मंदिर की भव्यता बढ़ाने के लिए भी कुछ बदलाव किए गए हैं। अब भगवान राम का मंदिर और अधिक ऊंचा व भव्य होगा।

Ram Mandir

अयोध्या के राम मंदिर का बदला हुआ स्ट्रक्चर कुछ इस प्रकार से होगा-

नए प्लान के मुताबिक राम मंदिर में एक सबसे ऊंचा शिखर होगा जो गर्भ ग्रह के ऊपर बना होगा जिसकी ऊंचाई पहले 141 फीट थी लेकिन मंदिर के नए डिजाइन को बैलेंस करने के लिए अब उसे बड़ा करके 161 फीट कर दिया गया है। मंदिर की लम्बाई 310 फीट से बढ़कर अब 360 फीट हो जाएगी और चौड़ाई 160 फीट से बढ़कर 235 फीट हो जाएगी।

इसके अलावा राम मंदिर में पहले दो गुंबद थे जिसकी जगह अब पांच गुंबद होंगे यानी पहले मंदिर में जो दो सभा मंडप थे अब उसकी जगह मंदिर में कुल 5 मंडप होंगे। इनकी संरचना कुछ इस प्रकार होगी। मंदिर का जो पुराना स्ट्रक्चर आपने देखा होगा, उसमें मुख्य शिखर के आगे दो मंडप बने हुए दिखाई देते हैं अब इसके आगे एक और मंडप बनेगा। इसके अलावा शिखर के आगे सबसे पहले बने गूढ़ मंडप के अगल-बगल में दो और मंडप बनाए जाएंगे। इस प्रकार से कुल मिलाकर के 5 मंडप और एक मुख्य शिखर होगा।

RAm Mandir

इसी वजह से नए डिजाइन के हिसाब से मंदिर के स्ट्रक्चर को बैलेंस करने के लिए मुख्य शिखर का एक तल और बढ़ाकर के उसकी ऊंचाई को 161 फीट कर दिया गया है और उसके निर्माण का काम सेकेंड फ्लोर के बाद से शुरू होगा। इसके हिसाब से मंडप की करस्पोंडिंग हाइट में भी कुछ बढ़ावा होगा, इसलिए पहले जो गूढ़ मंडप में गुंबद ग्राउंड प्लस 1 फ्लोर के ऊपर बनना था वह अब ग्राउंड प्लस 2 फ्लोर के ऊपर बनेगा लेकिन मंडप के सेकेंड फ्लोर पब्लिक की एंट्री के लिए खुले नहीं होंगे। वहीं इसकी ऊंचाई 98 फीट होगी। 98 फीट के गूढ़ मंडप के अगल-बगल में 62.5 फीट कीर्तन मंडप और प्रार्थना मंडप ये दोनों मंडप भी ग्राउंड प्लस वन फ्लोर के होंगे।

गूढ़ मंडप के आगे रंग मंडप- 76 फीट का ये ग्राउंड प्लस वन फ्लोर का होगा। उसके आगे यानि मंदिर की एंट्री पर नृत्य मंडप- 56 फीट का इसमें गुंबद ग्राउंड फ्लोर के ऊपर ही बना होगा। शिखर के ग्राउंड फ्लोर पर जहां पर गर्भगृह है, वहां रामलला की मूर्ति स्थापित की जाएगी। उसके ऊपर वाले फ्लोर पर राम दरबार की मूर्तियां लगेंगी। ग्राउंड से फर्स्ट फ्लोर पर जाने के लिए सीढ़ियां होंगी, जिनकी चौड़ाई अब बढ़ा कर 6 फीट से बढ़ाकर 16 फीट करने की योजना है।

ram-mandir

इसके अलावा मंदिर की नक्काशी में कोई खास बदलाव नहीं होगा क्योंकि पहले से जो पत्थर तराशे गए हैं ऐसा बताया जा रहा है कि उसमें 30 सालों से लोगों के संघर्ष की भावनाएं जुड़ी हुई हैं इसलिए उन सभी पत्थरों का पूरी तरह मंदिर के निर्माण के उपयोग में लाए जाने का निर्णय किया गया है, इसलिए उन सभी पत्थरों को मंदिर के निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जाएगा।