newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UFO Shot Down In Canada: अमेरिका के बाद अब कनाडा की हवाई सीमा में घुसी अज्ञात चीज, लड़ाकू विमान से मार गिराया गया, 2 दिन में दूसरी घटना

कनाडा की हवाई सीमा में देखी गई वस्तु मानवरहित थी। ये काफी बड़ी थी। अब इसके मलबे को तलाशने का काम चल रहा है। मलबा मिलने के बाद जांच होगी और पता चलेगा कि आखिर ये चीज क्या थी। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका ने ऐसी ही एक अज्ञात चीज को 40000 फिट की ऊंचाई पर लड़ाकू विमान से मार गिराया था।

वॉशिंगटन। अमेरिका के बाद अब कनाडा की हवाई सीमा में संदिग्ध वस्तु देखी गई। जिसे अमेरिका के लड़ाकू विमान ने मार गिराया है। ये जानकारी कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने दी है। ट्रूडो के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्र्पति जो बाइडेन से फोन पर इस बारे में बातचीत हुई। जिसके बाद कनाडा और अमेरिका ने अपने लड़ाकू विमानों को भेजा। अमेरिका के एक लड़ाकू विमान ने कनाडा की हवाई सीमा में घुसी चीज को मार गिराया। इससे पहले अमेरिका ने अपने मोंटाना इलाके पर उड़ान भर रहे चीन के जासूसी गुब्बारे को मार गिराया था। कनाडा के ऊपर भी चीन का एक गुब्बारा दिखा था। वहीं, एक अन्य गुब्बारा दक्षिण अमेरिका के ऊपर देखा गया था।

जस्टिन ट्रूडो के मुताबिक कनाडा की हवाई सीमा में देखी गई वस्तु मानवरहित थी। ये काफी बड़ी थी। अब इसके मलबे को तलाशने का काम चल रहा है। मलबा मिलने के बाद जांच होगी और फिर पता चलेगा कि आखिर ये चीज क्या थी। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका ने ऐसी ही एक अज्ञात चीज को 40000 फिट की ऊंचाई पर लड़ाकू विमान से मार गिराया था। ये चीज अमेरिका के अलास्का के ऊपर उड़ती दिखी थी। बता दें कि अमेरिका का अलास्का इलाका कनाडा से सटा हुआ है। जबसे अमेरिका और कनाडा के ऊपर चीन के गुब्बारे मंडराते दिखे हैं, तभी से अमेरिका की उत्तरी एयरोस्पेस डिफेंस कमान (नोराड) ने चौकसी ज्यादा कर दी है। शुक्रवार को देर शाम उसने हवाई सीमा में अज्ञात वस्तु के उड़ने की पुख्ता जानकारी हासिल की थी।

उधर, कनाडा की हवाई सीमा में अज्ञात चीज को मार गिराए जाने के बारे में अमेरिका ने कहा है कि बाइडेन और ट्रूडो के बीच बातचीत के बाद इसे मार गिराने का फैसला किया गया। अमेरिका के एक एफ-22 लड़ाकू विमान ने अज्ञात चीज को मार गिराया है। इस घटना से एक बात ये साबित हो रही है कि अमेरिका और कनाडा अपनी सीमा में घुस आने वाली अज्ञात चीजों पर ठीक से नजर नहीं रख पा रहे हैं। वरना हवाई सीमा में घुसते ही इनको मार गिराया गया होता।