newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Redistribution Of Wealth: संपत्ति को गरीबों में बांटने के पक्ष में राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा!, अमेरिका के कानून का दिया हवाला; पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रखा है

Redistribution Of Wealth: सैम पित्रोदा ने ये भी कहा कि भारत में अगर किसी के पास 10 अरब की संपत्ति है, तो मौत के बाद वो बच्चों के लिए पूरी संपत्ति छोड़ जाता है और जनता को उसमें से कुछ नहीं मिलता। राहुल गांधी के करीबी नेता ने अमीरों की संपत्ति बांटने के मसले पर और क्या कहा है जानिए।

शिकागो। पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान ये मुद्दा उठाया है कि अगर विपक्षी दलों की केंद्र में सरकार बनी, तो कांग्रेस देशभर में सर्वे कराएगी कि किसके पास कितनी संपत्ति है और उसे वो ज्यादा बच्चे वालों और घुसपैठियों में बांट देगी। मोदी ने ये तक कहा है कि कांग्रेस माताओं और बहनों का मंगलसूत्र तक छीन लेना चाहती है। मोदी का कहना है कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में इसका जिक्र किया है। उन्होंने इस संबंध में राहुल गांधी का बयान भी उद्धृत किया। कांग्रेस के नेता मोदी के इस दावे को गलत और मुस्लिम विरोधी बताकर निशाना साध रहे हैं, लेकिन अब राहुल गांधी के करीबी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने संपत्ति को जनता को बांटने के मुद्दे को एक तरह से सही ठहरा दिया है! पित्रोदा ने अमेरिका में लगने वाले विरासत कर का हवाला देकर ये बात कही। पित्रोदा के बयान पर बीजेपी ने फिर एक बार कांग्रेस को इस मुद्दे पर घेरा है। इसके बाद सैम पित्रोदा ने कहा है कि इस मामले में उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।

सैम पित्रोदा ने अमेरिका का उदाहरण दिया है। उनका कहना है कि अमेरिका में विरासत कर लगता है। पित्रोदा ने कहा कि अगर अमेरिका में किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और उसकी मौत होती है, तो वो सिर्फ 45 फीसदी संपत्ति अपने बच्चों को दे सकता है। बाकी 55 फीसदी संपत्ति सरकार ले लेती है। राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने इसे दिलचस्प कानून बताया। उन्होंने आगे कहा कि आपको अपनी आधी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। सैम पित्रोदा ने ये भी कहा कि भारत में अगर किसी के पास 10 अरब की संपत्ति है, तो मौत के बाद वो बच्चों के लिए पूरी संपत्ति छोड़ जाता है और जनता को उसमें से कुछ नहीं मिलता। राहुल के करीबी नेता ने ये भी कहा कि जब धन के फिर से वितरण की बात करते हैं, तो हम नई नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में बात कर रहे हैं। पित्रोदा ने इसे गरीबों के हित में बताया। सुनिए सैम पित्रोदा का बयान।

सैम पित्रोदा के बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस को एक बार फिर घेर लिया है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पित्रोदा का वीडियो पोस्ट कर लिखा कि कांग्रेस ने भारत को नष्ट करने का फैसला कर लिया है। मालवीय ने पित्रोदा के बयान का हवाला देकर कहा है कि इसका मतलब है कि अगर कांग्रेस आती है, तो हमने अपनी मेहनत से जो भी संपत्ति हासिल की, टैक्स के साथ ही उसका 50 फीसदी भी छीन लिया जाएगा।

सैम पित्रोदा के ताजा बयान से बीजेपी को कांग्रेस के खिलाफ और हमलावर होने का मौका मिल गया है। पित्रोदा को राहुल गांधी का बहुत खास माना जाता है। राहुल गांधी जब भी विदेश में किसी कार्यक्रम में जाते हैं, तो उसकी पूरी व्यवस्था सैम पित्रोदा ही करते हैं। ये अलग बात है कि संपत्ति ले लिए जाने का पीएम मोदी ने जबसे मुद्दा उठाया है, तभी से कांग्रेस के नेता बचाव की मुद्रा में दिख रहे हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी मौका दें, तो कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या दिया है, वो बताएंगे। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को इस मसले पर महिलाओं को आश्वस्त करने की कोशिश की। प्रियंका ने अपनी एक जनसभा में कहा कि 55 साल कांग्रेस ने शासन किया, लेकिन किसी की संपत्ति नहीं ली। उन्होंने ये भी कहा कि दादी इंदिरा गांधी ने अपने जेवर देश के लिए दान कर दिए थे और उनकी मां ने अपना मंगलसूत्र भी देश के लिए न्योछावर कर दिया। फिर भी सैम पित्रोदा के ताजा बयान से अब कांग्रेस को संपत्ति के फिर से वितरण मामले में सवालों का सामना करना पड़ रहा है और लोकसभा चुनाव में ये मुद्दा आने वाले दिनों में और गर्माने के पूरे आसार दिख रहे हैं।