newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mohammed Muizzu: मालदीव के लोगों को फिर राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने दिखाया भारतीय सैनिकों का डर, बोले- संसद के चुनाव में बहुमत न मिला तो निकालना हो सकता है मुश्किल

Mohammed Muizzu: मालदीव में 70 के करीब भारतीय सैनिक तैनात किए गए थे। ये सैनिक मालदीव में खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए वहां के राष्ट्रीय रक्षा बल की मदद करते हैं। मोहम्मद मुइज्जू ने भारतीय सैनिकों को मालदीव से निकालने का मुद्दा उठाकर संसदीय चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

माले। मालदीव के चीन परस्त राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने एक बार फिर अपने देश के लोगों को भारतीय सैनिकों का डर दिखाया है। मोहम्मद मुइज्जू ने कहा है कि अगर मालदीव के संसदीय चुनाव में उनकी पार्टी को बहुमत नहीं मिला, तो भारतीय सैनिकों को निकाला नहीं जा सकेगा। मीडिया की खबरों के मुताबिक मुइज्जू ने अड्डू हुलहुमिधू में सोमवार को बैठक के दौरान ये बयान दिया। मालदीव के राष्ट्रपति ने कहा कि अपने देश की संसद यानी मजलिस में बहुमत की जरूरत है। ताकि भारतीय सैनिकों को मालदीव से हटाया जा सके। मुइज्जू ने कहा कि भारत और मालदीव ने सैनिकों को हटाने के वास्ते एक समझौता किया है।

mohamed muizzu maldives president 1

राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि भारतीय सैनिकों को मालदीव से 10 मई तक हटाने का करार हुआ है। इसे पूरा करना है और भारत ने आश्वासन दिया है कि समझौते का पालन किया जाएगा। इसके बाद ही मुइज्जू ने कहा कि भारत के सैनिकों की वापसी संसदीय चुनाव के नतीजों पर निर्भर हो सकती है। उन्होंने ये मसला उठाकर जनता से मतदान से पहले सोचने का आग्रह भी किया। मालदीव में 70 के करीब भारतीय सैनिक तैनात किए गए थे। ये सैनिक मालदीव में खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए वहां के राष्ट्रीय रक्षा बल की मदद करते हैं। मोहम्मद मुइज्जू ने भारतीय सैनिकों को मालदीव से निकालने का मुद्दा उठाकर संसदीय चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

बीते दिनों जब पीएम नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद भारत और मालदीव के बीच तनाव बढ़ा, तो उसी दौरान मुइज्जू के देश की राजधानी माले के मेयर के लिए चुनाव हुआ था। इस चुनाव में मोहम्मद मुइज्जू की पार्टी की उम्मीदवार को भारत समर्थक विपक्ष के प्रत्याशी ने हरा दिया था। शायद माले के मेयर चुनाव के नतीजों को अब तक मुइज्जू नहीं भूल पाए हैं और इसी वजह से वो मालदीव के संसदीय चुनाव से पहले भारतीय सैनिकों की वापसी का मुद्दा फिर उठा रहे हैं। अगर विपक्ष को मालदीव की संसद यानी मजलिस में बहुमत मिल गया, तो मुइज्जू को हटाया भी जा सकता है। इसी डर की वजह से शायद मालदीव के राष्ट्रपति लोगों से अपनी पार्टी को चुनाव में बहुमत देने का आग्रह कर रहे हैं।