newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congress Cornered On Wealth Redistribution: लोगों की संपत्ति लेकर बांटने के मुद्दे पर कांग्रेस घिरी, राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा के बयान ने आग में डाला घी; बीजेपी हमलावर

Congress Cornered On Wealth Redistribution: सैम पित्रोदा ने अमेरिका का हवाला देते हुए कहा था कि वहां किसी की मौत के बाद संपत्ति का आधे से ज्यादा हिस्सा सरकार ले लेती है। सैम पित्रोदा ने भारत में भी ऐसा ही कानून बनाने की पैरवी की, लेकिन उन्होंने अब कहा है कि मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।

नई दिल्ली। राहुल गांधी के करीबी और ओवरसीज कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के संपत्ति के बंटवारे पर आए बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस को और घेर लिया है। सैम पित्रोदा ने अमेरिका का हवाला देते हुए कहा था कि वहां किसी की मौत के बाद संपत्ति का आधे से ज्यादा हिस्सा सरकार ले लेती है। सैम पित्रोदा ने भारत में भी ऐसा ही कानून बनाने की पैरवी की थी, लेकिन विवाद शुरू होते ही उन्होंने अब कहा है कि मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। हालांकि, पित्रोदा के बयान का तीर अब कमान से निकलकर कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत खड़ा करता दिख रहा है। पहले सुनिए सैम पित्रोदा ने क्या कहा था।

बीजेपी ने सैम पित्रोदा का बयान हाथों हाथ लपक लिया और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधना शुरू कर दिया है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस की पोल खुल गई है। उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र में सर्वे और मनमोहन सिंह के पुराने बयान का हवाला देकर कांग्रेस को घेरा। वहीं, बीजेपी के नेता और यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पित्रोदा के बयान को आधार बनाकर कांग्रेस को घेरा है। ब्रजेश पाठक ने कहा है कि ये कांग्रेस की रणनीति है कि भारत के लोगों की संपत्ति को हासिल कर उसे बांटा जाए। ब्रजेश पाठक ने कहा है कि देश की जनता कांग्रेस को इस मुद्दे पर सबक सिखाएगी। बीजेपी के और नेताओं ने भी कांग्रेस को संपत्ति के बंटवारे के मसले पर घेरा है। देखिए, अमित शाह से लेकर बीजेपी के अन्य नेताओं ने कांग्रेस पर किस कदर हमलावर रुख अपनाया है।

कांग्रेस घिर रही है, तो उसके नेता बचाव का रास्ता तलाशते दिख रहे हैं। कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी ने इससे इनकार किया कि सैम पित्रोदा ने भारत में संपत्ति लेने की बात नहीं कही। प्रमोद तिवारी ने ये भी कहा कि इससे कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है।

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में बीते दिनों जनसभा के दौरान संपत्ति को जब्त कर बंटवारा करने की तैयारी का कांग्रेस पर आरोप लगाया था। मोदी ने कहा था कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वो लोगों की संपत्ति का आंकड़ा जुटाएगी और फिर उसे जब्त कर ज्यादा बच्चे वालों और घुसपैठियों को बांटेगी। मोदी ने ये भी आरोप लगाया था कि माताओं और बहनों के जेवर और यहां तक कि मंगलसूत्र पर भी कांग्रेस की नजर है। हालांकि, कांग्रेस के नेताओं और यहां तक कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी के आरोपों को झूठ बताया था, लेकिन अब सैम पित्रोदा के ताजा बयान से कांग्रेस का डैमेज कंट्रोल का इरादा झटका खाता दिख रहा है।