newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Manipur Violence: मणिपुर में ताजा हिंसा की घटनाओं में 5 और की मौत, 40 कुकी आतंकी भी मारे गए, अत्याधुनिक हथियार बरामद

जानकारी के मुताबिक ताजा हिंसा की घटनाएं पश्चिमी इंफाल जिले के फेंग इलाके के अलावा काकचिंग जिले के सुगनु इलाके में भी हुईं। काकचिंग के सुगनु और सेरोउ में मैतेई समुदाय के 80 घरों को फूंका गया है। आतंकियों ने अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग की। इससे लोगों की मौत हुई है।

नई दिल्ली/इंफाल। मणिपुर में हिंसा जारी है। यहां हिंसा की ताजा घटनाओं में 1 पुलिसकर्मी समेत 5 लोगों की जान चली गई है। जबकि, 12 लोग घायल हुए हैं। वहीं, मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह ने बताया है कि सुरक्षाबलों ने मैतेई समुदाय के घरों में आगजनी और फायरिंग करने वाले 40 कुकी आतंकियों को मार गिराया है। खबर है कि मारे गए आतंकियों के पास एके 47 और अमेरिका एम 16 रायफल जैसे हथियार मिले हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज मणिपुर के दौरे पर जाएंगे। वहां वो हिंसाग्रस्त इलाकों को देखेंगे। मणिपुर में ताजा हिंसा की घटनाएं मैतेई समुदाय को आरक्षण और जमीन देने के फैसले के बाद शुरू हुई थीं। मैतेई समुदाय और कुकी आदिवासियों के बीच ये हिंसा हो रही है।

manipur

जानकारी के मुताबिक ताजा हिंसा की घटनाएं पश्चिमी इंफाल जिले के फेंग इलाके के अलावा काकचिंग जिले के सुगनु इलाके में भी हुईं। काकचिंग के सुगनु और सेरोउ में मैतेई समुदाय के 80 घरों को फूंका गया है। आतंकियों ने अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग की। इससे लोगों की मौत हुई है। रविवार को सुगनु में भीड़ ने 5 गांवों में कुकी आदिवासियों के घर जला दिए थे। वहीं, पश्चिमी इंफाल में बीजेपी विधायक केएच रघुमनी सिंह का घर भी फूंका गया था। चूराचांदपुर जिले के कांगवी, इंफाल पूर्व के सागोमांग, बिशनुपुर के नुंगोईपोकपी और पश्चिमी इंफाल के खुरखाल में भी हिंसा की घटनाएं होने की खबर है।

n biren singh
मणिपुर में बीजेपी सरकार के सीएम एन. बीरेन सिंह।

मणिपुर में सेना और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षाबलों को उग्रवादी संगठनों के बीच बातचीत की जानकारी मिली है। इससे पता चला है कि कुकी उग्रवादी बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। इस हमले में इंसानों को ढाल बनाने की साजिश भी है। सेना और केंद्रीय बल इस जानकारी के बाद और चौकस हो गए हैं। बता दें कि केंद्र सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 355 को मणिपुर में लागू कर रखा है। इससे वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा केंद्र के अधीन हो गया है।