newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Chandigarh Mayor Election: इंडिया गठबंधन के लिए आज का दिन अहम, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी से है कांग्रेस-आम आदमी पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी का मुकाबला

Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ नगर निगम में कुल पार्षदों की संख्या 36 है। इनमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के 20 वोट हैं। जबकि, बीजेपी के पास 15 वोट हैं। वहीं, अकाली दल का 1 पार्षद है। बीजेपी को अगर चंडीगढ़ का मेयर चुनाव जीतना है, तो उसे 4 अतिरिक्त वोट चाहिए होंगे।

चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद के लिए आज चुनाव है। ये चुनाव विपक्ष के इंडिया गठबंधन के लिहाज से बहुत अहम है। वजह ये है कि मेयर चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने गठबंधन किया है। वहीं, बीजेपी ने कम वोट होने के बाद भी अपना उम्मीदवार उतारा है। पिछले दिनों चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद के लिए चुनाव होना था, लेकिन पीठासीन अधिकारी की बीमारी का हवाला देकर इसे टाल दिया गया था। इसके खिलाफ कांग्रेस ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया था। कोर्ट ने 30 जनवरी को चुनाव कराने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश पर ही आज चुनाव हो रहा है। चंडीगढ़ नगर निगम में कुल पार्षदों की संख्या 36 है। इनमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के 20 वोट हैं। जबकि, बीजेपी के पास 15 वोट हैं। वहीं, अकाली दल का 1 पार्षद है।

aap congress bjp

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने कुलदीप टीटा को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने मनोज सोनकर को चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। अगर अकाली दल ने बीजेपी को समर्थन दिया, तो बीजेपी के कोटे में 16 वोट हो जाएंगे। फिर भी अपना मेयर बनाने के लिए बीजेपी को 3 और पार्षदों के वोट चाहिए होंगे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पिछली बार चुनाव स्थगित होने के बाद बीजेपी पर आरोप लगाया था कि वो उनके पार्षदों में तोड़फोड़ कर ये चुनाव जीतना चाहती है। चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की का अब कहना है कि मेयर चुनाव में उनको साजिश लग रही है। लक्की को साजिश लगने की वजह ये है कि मेयर चुनाव में मीडिया के जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम की तरफ से एक स्क्रीन लगाई गई है और मीडिया को इसी स्क्रीन पर चुनाव का ताजा हाल दिखाने की व्यवस्था है।

इस बीच, चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर का चुनाव देखते हुए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। चंडीगढ़ नगर निगम के रास्ते को बंद किया गया है। धारा 144 लगाकर 700 के करीब पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कोर्ट के आदेश से पार्षदों को भी पुलिस ने सुरक्षा दी है। अब सबकी नजर इस पर है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी मेयर बनता है या बीजेपी इस गठबंधन में सेंध लगाकर अपना प्रत्याशी जिता लेती है।