newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Politics: CM योगी के मंत्रियों से मिलकर आज ये मंत्र देंगे PM मोदी, पहली बार करने जा रहे ऐसी बैठक

इस बार योगी सरकार में तमाम नए लोगों को मंत्री बनाया गया है। ऐसे में मोदी चाहते हैं कि उन्हें सरकार चलाने और जनता के करीब आने के तौर-तरीके बताए जाएं। इसी के मद्देनजर ये बैठक रखी गई है। बैठक के बाद मोदी अपने सम्मान में दिए गए रात्रिभोज में शामिल होंगे। रात्रिभोज के बाद वो दिल्ली लौट जाएंगे।

लखनऊ। पीएम नरेंद्र मोदी आज नेपाल के दौरे के बाद यूपी की राजधानी लखनऊ भी आएंगे। नेपाल में पीएम मोदी भगवान बुद्ध की जयंती बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे हैं। वहां से लौटते वक्त वो कुशीनगर पहुंचेंगे। वहां भी भगवान बुद्ध को नमन करने के बाद वो लखनऊ आएंगे। पीएम अचानक लखनऊ क्यों आ रहे हैं, इसे लेकर रविवार से ही चर्चा का बाजार गर्म था। अब अंदर की खबर है कि मोदी यहां सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार के मंत्रियों को शासन चलाने का मंत्र देने आ रहे हैं। वो सारे मंत्रियों से मिलेंगे और करीब 1 घंटे तक उनको सुशासन और जनता की अपेक्षा पर खरा उतरने के तरीके बताएंगे।

सूत्रों के मुताबिक कुशीनगर से मोदी विमान के जरिए लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे वो सीएम योगी के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग जाएंगे। यहां योगी के अलावा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद पीएम सभी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद मोदी अपने सम्मान में दिए गए रात्रिभोज में शामिल होंगे। रात्रिभोज के बाद वो दिल्ली लौट जाएंगे। बता दें कि इस बार योगी सरकार में तमाम नए लोगों को मंत्री बनाया गया है। ऐसे में मोदी चाहते हैं कि उन्हें सरकार चलाने और जनता के करीब आने के तौर-तरीके बताए जाएं। इसी के मद्देनजर ये बैठक रखी गई है। ये पहला मौका है, जब मोदी किसी राज्य के मंत्रियों के साथ इस तरह की बैठक करने जा रहे हैं।

pm modi and sher bahadur deuba

यूपी की राजधानी आने से पहले के मोदी के कार्यक्रम में नेपाल के लुंबिनी की यात्रा है। कुशीनगर से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से वो लुंबिनी पहुंचेंगे। लुंबिनी में ही भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था। पीएम बनने के बाद मोदी की ये पांचवीं नेपाल यात्रा है। लुंबिनी में मायादेवी मंदिर में पूजा और भगवान बुद्ध की जयंती के मौके पर हो रहे कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद मोदी की नेपाल के पीएम शेरबहादुर देउबा से तमाम मसलों पर बातचीत भी होनी है। माना जा रहा है कि नेपाल और भारत के सदियों पुराने संबंधों को इससे और मजबूती मिलेगी।