newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Lok Sabha Election Survey: लोकसभा चुनाव से पहले आए सर्वे के नतीजे, जानिए क्या फिर केंद्र में बनेगी मोदी सरकार या विपक्ष को मिलेगा मौका

अगर पिछले लोकसभा चुनाव की बात करें, तो बीजेपी को अकेले ही 303 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबकि, एनडीए के कुल सांसदों का आंकड़ा 350 के पार चला गया था। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 52 सीटों पर जीत मिली थी। यूपी में कांग्रेस सिर्फ रायबरेली की सीट पर जीत हासिल कर सकी थी।

नई दिल्ली। लोकसभा की 545 सीटों के लिए चुनाव होने में कुछ महीने बचे हैं। मई 2024 में नई लोकसभा का गठन होना है। इससे ठीक पहले चुनाव नतीजों के बारे में ताजा सर्वे आया है। ये सर्वे न्यूज चैनल टाइम्स नाउ ने ईटीजी के साथ किया है। टाइम्स नाउ-ईटीजी के ताजा सर्वे में तीसरी बार फिर मोदी सरकार के सत्ता हासिल करने की भविष्यवाणी की गई है। टाइम्स नाउ और ईटीजी के सर्वे नतीजों के मुताबिक बीजेपी को अगले साल लोकसभा चुनाव में अकेले दम पर ही 308 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। वहीं, उसकी मुख्य विपक्षी कांग्रेस को 52 से 72 सीट मिलने का अनुमान सर्वे में लगाया गया है। इस सर्वे के मुताबिक 28 दलों के विपक्षी इंडिया गठबंधन के खाते में 163 सीटें आ सकती हैं।

new parliament 56

सर्वे के मुताबिक आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी, बीजेडी और टीएमसी ज्यादातर लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर सकते हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस के लिए इस सर्वे के नतीजे निराशाजनक रहने की ही बात कही गई है और तीसरी बार मोदी सरकार का जो नारा बीजेपी लगा रही है, उसके पक्ष में नतीजे बताए गए हैं। बीजेपी ने हाल ही में राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव अपने पक्ष में करते हुए कांग्रेस को सत्ता से बेदखल किया है। कांग्रेस इसके अलावा मध्यप्रदेश को भी बीजेपी से छीनने की कोशिश में नाकाम रही है। ऐसे में अगर टाइम्स नाउ-ईटीजी का सर्वे सही बैठा, तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के लिए ये बड़ा झटका हो सकता है।

Opposition meeting

अगर पिछले लोकसभा चुनाव की बात करें, तो बीजेपी को अकेले ही 303 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबकि, एनडीए के कुल सांसदों का आंकड़ा 350 के पार चला गया था। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 52 सीटों पर जीत मिली थी। यूपी में कांग्रेस सिर्फ रायबरेली की सीट पर जीत हासिल कर सकी थी। जबकि, यूपी में सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन बनाकर ये उम्मीद जताई है कि वो बीजेपी को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे। हालांकि, विपक्ष अपने इस इरादे में कितना सफल होता है, ये अगले कुछ महीने बाद पता चल जाएगा।