newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Loksabha Election : लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए थमा प्रचार, यूपी की 8 सीटों समेत इन प्रदेशों में 19 अप्रैल को होगा मतदान

Loksabha Election : पहले चरण में 19 अप्रैल को कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 102 सीटों पर मतदान होना है। इनमें से कई राज्य ऐसे भी हैं जहां पहले चरण के बाद ही चुनाव खत्म हो जाएगा। परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार आज शाम 6 बजे थम गया। पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों सहित अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 102 सीटों पर मतदान होना है। परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे। अब पहले चरण में होने वाले मतदान की सभी सीटों पर राजनीतिक दल या प्रत्याशी चुनाव प्रचार नहीं कर पाएंगे। राजनीतिक पार्टियों के सभी बाहरी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को जो प्रचार संबंधी कार्यक्रम के लिए आए थे, उनको अब निर्वाचन क्षेत्र छोड़कर जाना होगा। यूपी में पहले चरण में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, कैराना, नगीना, बिजनौर, पीलीभीत, रामपुर और मुरादाबाद में चुनाव होना है।

पहले चरण के लिए तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 39 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं राजस्थान में दूसरी सबसे ज्यादा 12 और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के लिए पहले चरण में वोट डाले जाएंगे। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश की छह, उत्तराखंड की पांच, महाराष्ट्र की पांच, असम की पांच, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और मणिपुर की दो-दो सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं छत्तीसगढ़ की एक, मिजोरम की एक, नगालैंड की एक, सिक्किम की एक, त्रिपुरा की एक, अंडमान और निकोबार द्वीप की एक, जम्मू और कश्मीर की एक, लक्षद्वीप की एक तथा पुडुचेरी की एक सीट पर वोटिंग होगी।

इनमें से तमिलनाडु, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम, अंडमान निकोबार, लक्ष्यद्वीप, पुडुचेरी ऐसे प्रदेश हैं जहां पहले चरण की वोटिंग के साथ ही चुनाव खत्म हो जाएगा। पहले चरण में जिन प्रमुख लोगों की प्रतिष्ठा दांव पर है उनमें मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, किरन रिजीजू, शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी महाराष्ट्र की नागपुर सीट से तीसरी बार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू अरुणाचल प्रदेश की अरुणाचल पश्चिमी सीट से चौथी बार किस्मत आजमा रहे हैं।