newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Jayant Chaudhry Slams Opposition: ‘बेगम देकर राजा मारना चाहते थे’, आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव और कांग्रेस पर साधा निशाना

Jayant Chaudhry Slams Opposition: आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने कैराना में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी अपने लोगों के प्रति एक जिम्मेदारी है। कभी-कभी जनता फैसला लेती है और नेता को उसे मानना होता है। उन्होंने कहा कि जो हम कर सकते थे, वो किया। अब जनता को फैसला करना है।

आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी की फाइल फोटो

कैराना। आरएलडी के चीफ जयंत चौधरी विपक्षी गठबंधन से नाता तोड़ने के बाद अब बीजेपी नीत एनडीए में आ गए हैं। जयंत चौधरी ने पश्चिमी यूपी के कैराना में एक जनसभा में विपक्षी दलों और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। जयंत चौधरी ने एनडीए के पक्ष में चुनावी जनसभा में कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष (अखिलेश यादव) हमको छह और सात का गणित सिखा रहे थे। जयंत चौधरी ने कहा कि बीजेपी और आरएलडी का गठबंधन एक और एक 11 का है।

जयंत चौधरी ने जनसभा में ये भी कहा कि जो सरकार चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दे सकती है, वो किसानों के लिए भी कमी नहीं छोड़ेगी। जयंत चौधरी ने इस मौके पर कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पहले एक चुनाव में आरएलडी का कांग्रेस से गठबंधन था। कांग्रेस की सरकार बनी। हमें भी एक सीट पर जीत हासिल हुई, लेकिन कांग्रेस ने सरकार चलाने के दौरान 5 साल तक हमें नहीं पूछा। जयंत चौधरी ने कहा कि बीजेपी ने सम्मान दिया है। जयंत चौधरी ने कहा कि शतरंज के खेल में सामने वाले को कमजोर कर मात देनी होती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी हमें बेगम देकर राजा को मारना चाह रहे थे।

आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने कहा कि विपक्ष मात देना चाहते थे, लेकिन कोई मलाल नहीं है। जयंत ने कहा कि हमारी अपने लोगों के प्रति एक जिम्मेदारी है। कभी-कभी जनता फैसला लेती है और नेता को उसे मानना होता है। उन्होंने कहा कि जो हम कर सकते थे, वो किया। अब जनता को फैसला करना है। आरएलडी चीफ ने कहा कि ये मान और सम्मान की बात है। बता दें कि पश्चिमी यूपी में चुनाव के दौरान जाट मतदाता तमाम सीटों पर जीत और हार तय करते हैं। जाट वोटरों में आरएलडी और जयंत चौधरी की खासी पैठ है। विपक्षी खेमे से बीजेपी में आने के कारण अब भगवा पार्टी को पश्चिमी यूपी में कई सीटों पर जीत का सेहरा पहनने को मिल सकता है।