newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

राम मंदिर पर पार्टी लाइन से अलग आया कमलनाथ का बयान, कहा कुछ ऐसा…

प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले अयोध्या को नई-नवेली दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। हर तरफ बहुरंगी छटा बिखेरे जाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर होने वाले भूमि पूजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 5 अगस्त पीएम मोदी भी भूमि पूजन में शामिल होंगे। इस बीच मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने ट्वीट कर राम मंदिर निर्माण का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि, राम मंदिर का निर्माण हर भारतवासी की सहमति से हो रहा है।

kamalnath

कमलनाथ ने अपने ट्वीट में लिखा है कि,  ‘मैं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का स्वागत करता हूं। देशवासियों को इसकी बहुत दिनों से अपेक्षा और आकांक्षा थी। राम मंदिर का निर्माण हर भारतवासी की सहमति से हो रहा है। ये सिर्फ भारत में ही संभव है।’ बता दें कि भूमि पूजन कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या को सजाया जा रहा है। अयोध्या में घरों को एक रंग से पेंट किया जा रहा है साथ में दीवारों पर भगवान राम के जीवन से जुड़े चित्र पेंट किए जा रहे है।

अयोध्या के साकेत महाविद्यालय से लेकर नयाघाट तक करीब 250 पेंटिंग बनाई जाएंगी। अयोध्या की दीवारों पर भक्तों को भगवान के बाल रूप से लेकर राजा रूप तक के दर्शन होंगे। पेंटिंग बनाने का काम शुरु हो गया है जो 3 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। अयोध्या की दीवारों पर भगवान राम से जुड़े सारे प्रसंग उकेरे जाएंगे। रामजन्मभूमि के अंदर भी टेंट लगाया जा रहा है, और यहां एक ऊंचा मंच बनाया जा रहा है। यहीं से पीएम मोदी 161 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और 326 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

Ayodhya Tretayug

वहीं प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले अयोध्या को नई-नवेली दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। हर तरफ बहुरंगी छटा बिखेरे जाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। अयोध्या आगमन पर प्रधानमंत्री मोदी के हेलीकाप्टर साकेत महाविद्यालय में बनाए जा रहे हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से रामजन्मभूमि के लिए रवाना होंगे। रामजन्मभूमि में उन्हें भूमि-पूजन करना है। यहां से हनुमानगढ़ी दर्शन करने भी जाएंगे।

गौरतलब है कि साकेत कॉलेज से रामजन्मभूमि और हनुमानगढ़ी जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ सभी भवनों की दीवारों पर त्रेता युग की झलक दिखलाते हुए रामायण कालीन प्रसंगों की आकृतियों को उकेरा जा रहा है। कहीं भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्नन, हनुमान जी और ऐसे ही त्रेता युग से जुड़ी तस्वीरों को आकृति प्रदान की जा रही है। इसके लिए कलाकारों की फौज जुटी हुई है।

Ayodhya Ram Mandir

इतना ही नहीं अयोध्या के प्रमुख मार्ग जिससे प्रधानमंत्री का काफिला गुजरेगा उसके दोनों तरफ स्थित भवनों को भी पीले रंग से रंगा जा रहा है। एक ही रंग में सराबोर सभी मकान रामजन्मभूमि और हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले मार्ग की शोभा और बढ़ा रहे हैं। इस मार्ग के डिवाइडर की रंगाई-पुताई चल रही है। डिवाइडर पर स्थित बिजली के खंभों को भी पीले रंग से रंगा जा रहा है। प्रधानमंत्री के गुजरने वाले मार्ग के दोनों तरफ युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चल रहा है। सूखे पेड़ हटाए जा रहे हैं, झाड़ी-झंखाड़ के साथ उगी हुई बड़ी घास हटाई जा रही है।