newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amit Shah In Madhya Pradesh : हर भ्रष्टाचारी को जाना होगा जेल, गृहमंत्री अमित शाह ने एमपी में दिखाए तेवर, इंडी गठबंधन पर भी साधा निशाना

Amit Shah In Madhya Pradesh : अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जातिवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आधार पर 70 वर्षों तक देश पर शासन किया। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी जातिवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं।

नई दिल्ली। देश के गृहमंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश के कटनी और मंडला में दो अलग-अलग चुनावी रैलियों को संबोधित किया। अमित शाह ने इन रैलियों में कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जातिवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आधार पर 70 वर्षों तक देश पर शासन किया। जबकि पीएम मोदी जातिवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा मोदी जी ने 2014 के चुनाव में आने से पहले देश की जनता से वादा किया था कि हर भ्रष्टाचारी को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे। मोदी जी ने जो कहा, आज उसे पूरा भी कर रहे हैं। शाह ने लोगों से पूछा कि बताइए, भ्रष्टाचारियों को जेल में डालना चाहिए या नहीं? इसके बाद गृहमंत्री बोले, जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, वो बचेगा नहीं, उसे जेल जाना ही पड़ेगा।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस की मंशा नहीं थी कि अयोध्या में राम मंदिर बने इसीलिए 55 साल कांग्रेस पार्टी इस मामले को लटकाती, अटकाती और भटकाती रही। केंद्र की मोदी सरकार ने पांच साल में ही केस जीतकर अयोध्या में श्री रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण करा दिया। आदिवासियों का मुद्दा उठाते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। शाह बोले, मैं पूछना चाहता हूं राहुल बाबा से, आपने देश के राष्ट्रपति पद पर किसी आदिवासी को बिठाया क्या? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आदिवासियों को छलने का काम किया है। इसके विपरीत हमारी सरकार ने एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आसीन कराया।

विपक्ष के इंडी गठबंधन पर बरसते हुए मंडला में शाह ने कहा कि इंडी गठबंधन को देश की चिंता नहीं है वो तो अपने परिवार के लिए चुनाव लड़ रहा है। इस परिवारवादी गठबंधन का उद्देश्य अपने बेटे, बेटी, भतीजे को सत्ता दिलाना है। सोनिया गांधी का उद्देश्य है, राहुल को प्रधानमंत्री बनाना। शरद पवार अपनी बेटी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उद्धव ठाकरे चाहते हैं कि उनका बेटा मुख्यमंत्री बन जाए। स्टालिन अपने बेटे को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहते हैं और ममता बनर्जी अपने भतीजे को सीएम की कुर्सी पर काबिज कराना चाहती हैं। यही इंडी गठबंधन का उद्देश्य है और आपको इनसे बचके रहना है।