newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amit Shah on POK : पीओके भारत का हिस्सा, वापस लेकर रहेंगे, गृहमंत्री अमित शाह ने फिर दोहराया संकल्प

Amit Shah on POK : गृहमंत्री ने झारखंड के दुमका में कहा कि मैं आज हेमंत सोरेन से सवाल पूछने आया हूं जिस कांग्रेस पार्टी ने सालों तक झारखंड का विकास रोक कर रखा आज मुख्यमंत्री बनने के लिए आप उसी कांग्रेस पार्टी की गोद में बैठकर झारखंड और यहां की भोली-भाली जनता के साथ अन्याय कर रहे हैं।

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत में मिलाने का संकल्प एक बार फिर दोहराया। आरा में कांग्रेस और आरजेडी पर बरसते हुए अमित शाह ने कहा, ये कांग्रेस और लालू का घमंडिया गठबंधन हमें डराता है कि पीओके की बात मत करो, पाकिस्तान के पास एटम बम है। मैं लालू यादव एंड कंपनी से कहना चाहता हूं कि हम तो बीजेपी वाले हैं, पाकिस्तान के एटम बम से नहीं डरते। पीओके हमारा है और हम उसको लेकर रहेंगे, ये बीजेपी का संकल्प है।

शाह ने कहा कि देश में पांच चरणों के चुनाव हो चुके हैं और छठे चरण के लिए कल मतदान होना है। उन्होंने लोगों से पूछा, आपको इन पांच चरणों का चुनाव परिणाम जानना है क्या? 5 चरणों के बाद मोदी जी को 310 सीटें मिल चुकी हैं और लालू, राहुल का सूपड़ा साफ हो गया है। बिहार में इस बार घमंडिया गठबंधन का खाता भी नहीं खुलने वाला। आरक्षण पर इंडी गठबंधन को घेरते हुए गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी देश में मुसलमानों को धर्म के आधार पर आरक्षण देने की मंशा खुलेआम जाहिर कर चुके हैं। बीजेपी पिछड़े वर्ग के आरक्षण पर डाका नहीं डालने देगी।

इसके बाद गृहमंत्री झारखंड के दुमका पहुंचे जहां उन्होंने एक अन्य रैली को संबोधित किया। भूमि घोटाला मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस पर बरसते हुए अमित शाह ने कहा कि जो जेल में बैठे हैं और कांग्रेस के लिए झारखंड के लोग सिर्फ वोट बैंक हैं। प्रापर्टी, लैंड बैंक और भ्रष्टाचार का एटीएम है। गृहमंत्री ने कहा कि मैं आज हेमंत सोरेन से सवाल पूछने आया हूं जिस कांग्रेस पार्टी ने सालों तक झारखंड का विकास रोक कर रखा आज मुख्यमंत्री बनने के लिए आप उसी कांग्रेस पार्टी की गोद में बैठकर झारखंड और यहां की भोली-भाली जनता के साथ अन्याय कर रहे हैं।